रानी शर्मा बनी नप डलहौजी की अध्यक्ष, संजीव पठानिया बने उपाध्यक्ष
नगर परिषद डलहौजी में करीब नौ दिन तक चली कशमकश के बाद आखिरकार बुधवार को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर ताजपोशी हो ही गई।
संवाद सहयोगी, डलहौजी : नगर परिषद डलहौजी में करीब नौ दिन तक चली कशमकश के बाद आखिरकार बुधवार को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर ताजपोशी हो ही गई। वार्ड नंबर-छह लोहाली से पार्षद बनी रानी शर्मा ने अध्यक्ष व वार्ड नंबर-पांच से पार्षद संजीव पठानिया ने उपाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। एसडीएम जगन ठाकुर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
जगन ठाकुर ने बताया कि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चयन सभी नौ पार्षदों ने सर्वसम्मति से किया है। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के शपथ ग्रहण समारोह में जिला भाजपा चंबा के कार्यकारी अध्यक्ष डीएस ठाकुर, पर्यटन निगम के पूर्व निदेशक आशीष चड्ढा व भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बलवंत सिंह विशेष तौर पर मौजूद थे। मालूम हो कि नगर परिषद डलहौजी में निकाय चुनावों में जीत हासिल कर पार्षद बने भाजपा के अधिकृत चार पार्षदों व कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुई एक पार्षद के धड़े व प्रदेश योजना बोर्ड के सदस्य मनोज चड्ढा के समर्थक जीते हुए चार पार्षदों में आम सहमति न बन पाने के कारण अब तक अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव अटका हुआ था।
-----------------------
वन मंत्री ने दोनों धड़ों को किया एकजुट
पिछले दिनों वन मंत्री राकेश पठानिया ने दोनों धड़ों को एकजुट करने के उद्देश्य से बनीखेत व डलहौजी में दोनों धड़ों से अलग-अलग बैठकें भी की थीं। जिसके बावजूद 18 जनवरी को पार्षदों के शपथ ग्रहण के मौके पर भी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष नहीं चुने जा सके थे। इस विकट स्थिति से उबरने के लिए भाजपा संगठन को एक बार फिर से हस्तक्षेप करना पड़ा और बुधवार को वन मंत्री राकेश पठानिया फिर से डलहौजी पहुंचे। उन्होंने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनने के लिए दोनों धड़ों के साथ स्थानीय परिधिगृह में बैठक की। सूत्रों के अनुसार बुधवार सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक चली लंबी बैठक के बाद आखिरकार सभी नौ पार्षदों द्वारा सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद के लिए रानी शर्मा व उपाध्यक्ष पद के लिए संजीव पठानिया के नाम तय किए गए।
--------
विकास करवाने का दिया भरोसा
नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का कहना है कि डलहौजी के विकास के लिए जल्द ही एक रुपरेखा तैयार की जाएगी। जिसके तहत डलहौजी को एक मॉडल पर्यटन क्षेत्र के तौर पर विकसित किया जाएगा। वहीं जिला भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष डीएस ठाकुर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रानी शर्मा व उपाध्यक्ष संजीव पठानिया को बधाई दी। कहा पर्यटन नगरी को मॉडल पर्यटन क्षेत्र के तौर पर विकसित करवाने के लिए प्रदेश सरकार से पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाया जाएगा।