बर्फ में आठ किमी पैदल चल दुल्हन लेने पहुंचा दूल्हा, अग्निकुंड की रोशनी में लिए फेरे
हिमाचल में भारी बर्फबारी के कारण बारात के साथ आठ किलोमीटर पैदल चलकर दूल्हा दुल्हन को लेने पहुंचा।
चंबा, जेएनएन। जिले में बर्फबारी के कारण हालात काफी खराब बने हुए हैं। लगभग सभी क्षेत्रों में बर्फ की चादर बिछी है। इसके कारण रास्ते बंद हैं। ऐसे में चकलू पंचायत से सजधज कर बरात करीब आठ किलोमीटर बर्फ में पैदल चलकर दुल्हन को लेने साच पहुंची।
चकलू से बालू तक तो बरात गाड़ी में पहुंच गई, लेकिन आगे बालू से साच आठ किलोमीटर का सफर दूल्हे ने बरातियों के साथ पैदल ही तय किया। देर रात दूल्हा सन्नी बरात के साथ ससुराल पहुंचा। हालांकि बरात चकलू से निर्धारित समय से पहले ही निकली थी, लेकिन बर्फ के कारण दिक्कत पेश आई।
क्षेत्र में बर्फबारी के कारण बिजली गुल थी, जिससे दूल्हे सन्नी व दुल्हन विमला ने हवन के अग्निकुंड की रोशनी के सहारे सात फेरे लिए। दुल्हन वैसे तो खजियार की रहने वाली है, लेकिन बर्फबारी के कारण साच में अपने रिश्तेदार के यहां उनकी शादी करवाई गई। साच में भी शादी से एक दिन पूर्व बर्फबारी हो गई। इससे दोनों पक्षों की मुश्किलें बढ़ गईं। बरातियों ने भी सुबह चार बजे तक गाने गाकर शादी समारोह को यादगार बना दिया। बर्फबारी के कारण साच गांव का मार्ग बंद हो गया था। इससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। करीब आठ किलोमीटर शून्य से नीचे तापमान में दुल्हा-दुल्हन बालू पहुंचे।