समाजसेवी ने गुरुघर व सामाजिक गतिविधियों के लिए भेंट किए 2.50
सेवा कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रबंध निदेशक सरदार तरविद्र सिंह सभरवाल ने गुरुद्वारा साहिब सदर बाजार डलहौजी में माथा टेका।
संवाद सहयोगी, डलहौजी : सेवा कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रबंध निदेशक सरदार तरविद्र सिंह सभरवाल ने गुरुद्वारा साहिब सदर बाजार डलहौजी में माथा टेका। उन्होंने गुरुघर की सेवा व डलहौजी में विभिन्न विकासात्मक व सामाजिक गतिविधियों के संचालन के लिए सिंह सभा सदर बाजार डलहौजी को 2.50 करोड़ रुपये भेंट किए। जिला चंबा के इतिहास में किसी समाजसेवी द्वारा अब तक किसी धार्मिक संस्था को सामाजिक व विकासात्मक गतिविधियों के लिए भेंट की गई यह सबसे बड़ी राशि है। 2.50 करोड़ की राशि भेंट करने के साथ सरदार तरविद्र सिंह सभरवाल ने डलहौजी के नागरिक अस्पताल को गोद लेने की घोषणा करने सहित अस्पताल में डायलिसिस मशीन, ईको मशीन, आधुनिक बेड, कंबल
अन्य स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध करवाने व सिंह सभा के अध्यक्ष सरदार परमजीत सिंह की आग्रह पर डेड बाडी रखने के लिए फ्रीज व शव वाहन देने की भी घोषणा की। वहीं क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों सहित गरीब परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए भी आर्थिक मदद देने की बात कही।
सभरवाल ने नागरिक अस्पताल डलहौजी को एमआरआइ मशीन भेंट करने की भी पेशकश की। उन्होंने कहा कि सिंह सभा सदर बाजार डलहौजी को वह अपनी ओर से हरसंभव सहयोग आगे भी देते रहेंगे। सभरवाल ने कहा कि उनका ध्येय वाहेगुरु जी की आज्ञा से जनमानस की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने भी कहा है कि मानवता की सेवा सबसे बड़ा धर्म है। सरदार तरविद्र सिंह सभरवाल ने कहा कि उनकी कंपनी का नियम है कि कोई भी नया प्रोजेक्ट शुरू करने से पहले संबंधित क्षेत्र के गुरु घर की सेवा की जाती है। इसी नियम के तहत उन्हें डलहौजी स्थित गुरुघर की सेवा का भी सुअवसर मिला है जिसके लिए वह गुरु महाराज जी के आभारी हैं। इससे पहले सिंह सभा के अध्यक्ष सरदार परमजीत सिंह, उपाध्यक्ष करण मोंगा व महासचिव डिपल कौर ने सिंह सभा की ओर से तरविद्र सिंह सभरवाल को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं सभरवाल का गुरु घर की सेवा व डलहौजी में विकासात्मक व सामाजिक गतिविधियों हेतु ढाई करोड़ की धनराशि भेंट करने सहित सिविल अस्पताल डलहौजी को गोद लिए जाने पर क्षेत्र की जनता की ओर से आभार जताया। इस मौके पर गुरुद्वारा साहिब में शबद कीर्तन का भी आयोजन किया गया।