महंगाई व बेरोजगारी रोकने में प्रदेश सरकार नाकाम : कुलदीप
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार महंगाई रोकने में नाकाम रही है।
जागरण संवाददाता, चंबा : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सिर्फ मंडी को ही विकास का केंद्र बनाया और वहां की जनता ने भी उनको नाकार दिया है। चंबा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार महंगाई नियंत्रित करने, बेरोजगारी दूर करने व प्रदेश का एक समान विकास करवाने में विफल रही है।
मनरेगा में दो-दो महीने से कामगारों को वेतन नहीं मिल रहा है और काम भी समय पर नहीं मिल रहा है। इससे लोगों के लिए परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि चलो चंबा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान अच्छा है, लेकिन चंबा चले कैसे। चंबा की अधिकतर सड़कों की हालत दयनीय है, सड़कों पर गड्ढे पड़े हुए हैं, जिन्हें लंबे समय से नहीं भरा गया है। उन्होंने कहा कि जब सड़कों का सुधार होगा तभी पर्यटक चंबा पहुंच पाएंगे, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई कदम नहीं उठा रही।
कुलदीप पठानिया ने कहा कि जिला चंबा में संसाधनों की कोई कमी नहीं है। प्रदेश में सबसे ज्यादा पनविद्युत प्रोजेक्ट चंबा में हैं। एनएचपीसी का प्रदेश व देश के विकास में बहुत बड़ा योगदान है, लेकिन जिलावासियों को इससे कोई लाभ नहीं मिल पा रहा। उन्होंने कहा कि 2022 में अगर कांग्रेस सरकार सत्ता में आती है तो इस मुद्दे को प्रमुखता से विधानसभा में रखा जाएगा और चंबावासियों को उनका हक दिलाने की पैरवी की जाएगी। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष नीरज नैय्यर, चुराह के पूर्व विधायक सुरेंद्र भारद्वाज, कपिल भूषण व अन्य मौजूद रहे।