पेट्रोल, डीजल के मूल्यों पर उखड़ी कांग्रेस
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भटियात ने शनिवार को चुवाड़ी में प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, चुवाड़ी : ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भटियात ने शनिवार को चुवाड़ी में पेट्रोल व डीजल के बढ़ते मूल्यों के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके बाद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह पठानिया की अगुवाई में भटियात के एसडीएम बच्चन सिंह के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया।
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि कोरोना के कहर के कारण फैक्ट्रियां व उद्योग धंधे बंद हो जाने के कारण पहले से ही बेरोजगारों की संख्या में वृद्धि हुई है। ऐसे में पेट्रोलियम उत्पादों के दामों का बढ़ना और डीजल का पेट्रोल से महंगा हो जाना लॉकडाउन प्रभावितों के जख्मों पर नमक छिड़कने के बराबर है। ऐसा देश में पहली बार हुआ है कि डीजल की कीमतें पेट्रोल से अधिक हो गई हैं। डीजल के दामों में बढ़ोतरी का सीधा प्रभाव महंगाई पर पड़ता है क्योंकि सारे माल की ढुलाई रेलवे और भूतल परिवहन से होती है जिसमें डीजल का प्रयोग होता है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से लोग पहले ही परेशान थे। अब डीजल के दाम पेट्रोल को भी मात दे गए हैं तो महंगाई नए रिकॉर्ड बनाएगी। डीजल की मार जब मालवाहकों पर पड़ेगी तो उसका सीधा असर आम आदमी की रसोई तक होगा। इस दौरान भटियात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रधान राम सिंह चंबियाल, मनोज महाजन, कृष्ण चंद चेला, विजय सिंह कंवर, रामकुमार शर्मा, शेर सिंह, संजय कपूर, अरुण मेहता, नरेश मेहरा, सूरज गुरंग, मनीष मल्होत्रा ,नरेंद्र बबलू, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष संदीप जसरोटिया, सेवादल के अध्यक्ष विनोद कुमार बोनी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।