गोविद सागर झील पर अक्टूबर में होंगी वाटर स्पोर्ट्स : सुभाष
बिलासपुर सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने कहा कि एडवेंचर स्पोर्ट्स
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : बिलासपुर सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने कहा कि एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए बिलासपुर जिला को प्रमोट किया जा रहा है और इसको एडवेंचर का हब बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अक्टूबर व नवंबर माह में वाटर स्पोर्ट्स का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए नेवी का सहारा लिया जा रहा है। आने वाले समय में गोविद सागर जलाशय में गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार ने जहां कोरोनाकाल में सभी तरह की परिस्थितियों से निपटने में सफल रही है, वहीं विकास के कार्यों को भी रुकने नहीं दिया गया। क्षेत्र में इतने विकास कार्य करवा दिए गए हैं कि बौखलाई कांग्रेस को अपनी कार्यकारिणी व अध्यक्ष तक को बदलने के लिए मजबूर होना पड़ गया है। जिला के डिग्री कालेज को प्रदेश का अव्वल कालेज बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं बिलासपुर को एडवेंचर का हब बनाने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसके साथ ही करोड़ों रुपयों के प्रोजेक्टों को आगामी कुछ ही महीनों में पूरा कर दिया जाएगा।
विधायक ने बताया कि बिलासपुर में आठ करोड़ की लागत से आधुनिक सुविधाओं से उपलब्ध नया ई पुस्तकालय भवन बनाया जा रहा है। इसका मास्टर प्लान तैयार कर केंद्र सरकार को मंजूरी के लिए भेज दिया है। इसके अलावा अन्य प्रोजेक्ट के लिए भी लाखों रुपये मंजूर हुए हैं, लेकिन विपक्षी दल विकास कार्यों से घबरा गए हैं। इससे वे अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं और कांग्रेस में प्रधान व कार्यकारिणी बदली जा रही हैं। कांग्रेस के नेता अपने वर्चस्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। इससे पता चलता है कि प्रदेश में फिर से भाजपा सरकार रिपीट होगी।
विधायक सुभाष ठाकुर ने बिलासपुर में बातचीत के दौरान कहा कि विगत तीन वर्ष के विकास कार्यों की बात की जाए तो हर क्षेत्र में समग्र विकास करवाया जा रहा है, जिसके परिणाम बिलासपुर वासियों को भविष्य में मिलने वाले हैं। उन्होंने बताया कि बिलासपुर कालेज को उत्कृष्ट कालेज बनाया जा रहा है, जिसके लिए कई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। नेशनल मिशन आफ हिमालयन स्टडी पर 39 लाख के राशि खर्च की जा रही है। यह प्रदेश का पहला कालेज होगा, जिसमें पक्षियों पर अनुसंधान किया जा रहा है। रूसा मिशन के तहत दो करोड़ स्वीकृत किया गया है। उन्होंने बताया की बिलासपुर में लाइब्रेरी को भी माडर्न और स्मार्ट किया जाएगा, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा की कांग्रेस सरकारों में बिलासपुर से भेदभाव किया गया है और कांग्रेस के नुमाइंदे बिलासपुर का हक दिलवाने में असफल साबित हुए हैं और बिलासपुर को बदनामी के सिवाए कुछ नहीं दे पाए हैं। इस अवसर पर भाजपा जिला महासचिव आशीश ढिल्लो, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विनोद ठाकुर, मंडल महामंत्री पवन ठाकुर सहित अन्य उपस्थित रहे।