चंडीगढ़ से इलाज करवाकर लौटा कर्मचारी संक्रमित
चंडीगढ़ में अपना इलाज करवाकर लौटा लोक निर्माण विभाग का एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : चंडीगढ़ में अपना इलाज करवाकर लौटा लोक निर्माण विभाग का एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। दो दिन पहले चंडीगढ़ पीजीआइ में इलाज करवाने के बाद यह कर्मचारी घर लौटा था और सोमवार सुबह लोक निर्माण विभाग के स्टोर में ड्यूटी के स्थान पर भी जा पहुंचा। उसके संपर्क में स्टोर में तैनात कई कर्मचारी भी आए हैं। इससे पहले उसके संपर्क में उसके गांव के कुछ लोग और परिवार के लोग भी आए हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से इस संबंध में सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन व पुलिस से इस जानकारी को साझा किया। अब स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन ने इस कर्मचारी के साथ-साथ इसके संपर्क में आए तमाम कर्मचारियों को फिलहाल स्टोर में फिलहाल रोककर रखा है।
लोक निर्माण विभाग के जेई अनूप गौतम ने कहा है कि कर्मचारी दो दिन पहले एंडोस्कोपी करवाने के लिए पीजीआइ चंडीगढ़ गया था। वहां पर उसका कोविड-19 टेस्ट भी हुआ था जिसकी रिपोर्ट चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से बिलासपुर लोक निर्माण विभाग के साथ साझा की गई है। बताया जा रजा है कि प्रशासन ने कर्मचारी के संपर्क में आए लोगों की शिनाख्त कर ली है।