कांग्रेस नेता लोगों को कर रहे गुमराह : गर्ग
घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेंद्र गर्ग ने गांव तड़ौन में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के अंदर एक समान विकास हो रहा है।
जागरण टीम, घुमारवीं/भराड़ी : विधायक राजेंद्र गर्ग ने गांव तड़ौन में लोगों को संबोधित किया। कहा कि प्रदेश में एक समान विकास हो रहा है। लेकिन, कांग्रेस नेता जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। जनमंच के माध्यम से लोगों के काम हो रहे हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री संकल्प हेल्पलाइन के माध्यम से प्रदेश की जनता लाभांवित हो रही है, लेकिन कांग्रेसियों को कुछ भी नजर नहीं आ रही है।
घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में विकासात्मक कार्य चल रहे हैं। जो टूटी फूटी सड़कें विरासत में मिली थीं, उन पर चरणबद्ध तरीके से काम चल रहा है। राजेंद्र गर्ग ने लोगों की समस्याओं को भी सुना। सामुदायिक भवन तड़ौन के लिए विधायक ने तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, कमल ठाकुर, महिला मंडल प्रधान शीला देवी, प्रदीप कुमार, वतन सिंह, दयाराम, अमरजीत, बलदेव सिंह, शशि ठाकुर, ज्ञान राम, प्रकाश राव, संजय, रमेश ठाकुर मौजूद रहे।