सड़क किनारे कबाड़, वादे हवा में
राष्ट्रीय राजमार्ग चंडीगढ़-मनाली के किनारे बिलासपुर में अब दोबारा कबाड़ के ढेर लगने शुरू हो गए हैं।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : राष्ट्रीय राजमार्ग चंडीगढ़-मनाली के किनारे बिलासपुर में अब दोबारा कबाड़ के ढेर लगने शुरू हो गए हैं। प्रशासन के आदेश के विपरीत कबाड़ के ढेर लगाए जा रहे हैं। इन ढेरों की तरफ न तो प्रशासन और न ही नगर परिषद के अधिकारियों का ध्यान है। सड़क के किनारे से कबाड़ के ढेर हटाने के वादे हवा में हैं।
बिलासपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे लगे कबाड़ के ढेर पिछले वर्ष सितंबर में तहसीलदार सदर की अगुवाई में हटाए गए थे। प्रशासनिक अधिकारियों ने उस समय स्पष्ट किया था कि अब यहां पर ऐसे ढेर नहीं लगाए जाएंगे। उस समय कबाड़ का काम करने वाले लोगों ने भी वादे किए थे कि वे अब सड़क के किनारे किसी भी प्रकार के कबाड़ के ढेर नहीं लगाएंगे। उनके वादे मात्र चार महीने में ही टूट गए हैं। कबाड़ के ढेर से बिलासपुर शहर की सुंदरता को भी दाग लग रहे हैं। पर्यटन स्थल कुल्लू, मनाली जाने के लिए बिलासपुर से मुख्य रास्ता होने के कारण पर्यटकों के मन पर ये ढेर बुरी छाप छोड़ रहे हैं। बिलासपुर को पर्यटन के रूप में विकसित करने के दावे किए जा रहे हैं। वहीं, कबाड़ के ढेर लोगों का मुंह चिढ़ा रहे हैं। नियमों का नहीं हो रहा पालन
बिलासपुर में जब कबाड़ के ढेर हटाए गए थे तो प्रशासन ने नगर परिषद के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी थी कि वे यह ध्यान रखेंगे कि दोबारा ऐसा न हो। इसके बावजूद यहां नियमों का पालन नहीं हो रहा है। नालियों में लगाए गए कबाड़ के ढेर
कबाड़ के ढेर सड़क के किनारे पानी की निकासी के लिए बनाई अस्थायी नालियों में लगाए गए हैं। इससे बारिश के पानी की निकासी होना मुश्किल है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के अधिकारियों और प्रशासन से आग्रह किया है कि कबाड़ के ढेरों को शीघ्र हटाया जाए ताकि शहर की सुंदरता को ग्रहण न लगे।
मामला संज्ञान में आया है। सड़क के किनारे से कबाड़ के ढेरों को जल्द हटा दिया जाएगा।
-प्रतिमा राय, कार्यवाहक कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद बिलासपुर