जनसहयोग से 2022 में होगी कांग्रेस की सरकार : अंजना
हिमाचल प्रदेश में जिस तरह से लोगों ने उपचुनाव में अपना समर्थन कांग्रेस को देकर पार्टी को मजबूत किया है।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश में जिस तरह से लोगों ने उपचुनाव में अपना समर्थन कांग्रेस को दिया है, इससे यह साबित हो गया है कि प्रदेश में कांग्रेस का किला मजबूत हाथों में है और अब 2022 के अंत में कांग्रेस बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी। यह बात जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान ने बातचीत के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर एक काबिल अध्यक्ष हैं, उन्होंने अपनी कार्यकुशलता और कड़ी मेहनत से पार्टी को मजबूती से चलाया है और उसी का नतीजा है कि प्रदेश में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत हासिल की है।
अंजना धीमान ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष को संगठन चलाने का अच्छा अनुभव है। अध्यक्ष पद संभालते ही उन्होंने कई ऐसे रणनीतिक फैसले लिए थे, जिनसे कांग्रेस दिनोंदिन मजबूत होती चली गई। धीमान ने बताया कि कोरोना कार्यकाल में जिस तरह से राठौर ने अपने जुझारू पन का परिचय दिया और पूरी पार्टी को जन सेवा में लगाया, उससे कांग्रेस का लोक सेवा का चेहरा सामने आया।
अंजना धीमान ने कहा कि कुलदीप राठौर ने इसके अलावा हर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्राओं का सिलसिला भी आरंभ किया, जिससे आम जनता भी कांग्रेस के साथ जुड़ने लग पड़ी। आम जनता के इसी बदलाव के बल पर अब कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मिशन 2022 का लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ रही है और आने वाले विधानसभा चुनावों में निश्चित रूप से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार का गठन होगा।
----------
सचित्र)
-कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के तीन वर्ष के कार्यकाल की सराहना की
-कहा, उपचुनाव में मिली जीत इसी का है नतीजा