रथयात्रा में दिखेगा 50 वर्षो का विकास
जागरण संवाददाता बिलासपुर पूर्ण राज्यत्व दिवस की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में इस वर्ष जिला बिलासपुर
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : पूर्ण राज्यत्व दिवस की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में इस वर्ष जिला बिलासपुर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह जानकारी उपायुक्त रोहित जम्वाल ने आयोजन की तैयारियों को लेकर जिला अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उपायुक्त ने अधिकारियों को वर्ष भर आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की प्रस्तावित कार्य योजना के बारे में चर्चा की तथा अधिकारियों से भी ने भी अपने सुझाव दिए।
उपायुक्त ने बताया कि जिला के लोगों को 50 वर्षो में हुए विकास के बारे में जागरूक करने के लिए रथयात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि रथयात्रा विकासात्मक गतिविधियों को दर्शाती हुई जिला के हर गांव तक पहुंचेगी। गतिविधियों के क्रियान्वयन के लिए जिलास्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक टीमें गठित की जाएंगी, जिसमें अधिकारियों की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाएगी। बागवानी विभाग की ओर से फ्लावर शो, मैंगो फेस्टिवल तथा जिले में उत्पादित होने वाले उत्पादों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। कृषि विभाग द्वारा ब्लॉक स्तर पर किसान मेलों का आयोजन किया जाएगा। जलशक्ति विभाग द्वारा हर घर में नल से शुद्ध पेयजल सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएंगी तथा स्मार्ट क्लास रूम बनाए जाएंगे। डीआरडी विभाग द्वारा सभी पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा ब्लॉक स्तर पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों से संबंधित ब्लॉक स्तर पर मेले लगाएं जाएंगे। उद्योग विभाग द्वारा मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना के बारे जागरूक करने के लिए ब्लॉक स्तर पर जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। पशु पालन विभाग द्वारा पंचायत स्तर पर पशुओं का शतप्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा तथा उपमंडल स्तर पर पशु स्वास्थ्य शिविर लगाएं जाएंगे। भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा इंडियन क्लासिकल को बढ़ावा दिया जाएगा। सांस्कृति गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर एडीसी तोरूल रवीश, सहायक आयुक्त सिद्धार्थ आचार्य, महा प्रबंधक उद्योग उत्तम वर्मा, उपनिदेशक कृषि केएस पटियाल, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति अरविद वर्मा, लोक निर्माण वीएन पराशर मौजूद रहे।