श्रीनयनादेवी में भाजपा ने फूंका पंजाब के सीएम का पुतला
पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए जाते हुए रास्ता रोकने के मामले में भाजपा ने पंजाब के सीएम का पुतला फूंका।
संवाद सहयोगी, श्रीनयनादेवी : पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए जाते हुए रास्ते में घटित हुई घटना के रोषस्वरूप बुधवार को श्रीनयना देवी में भाजपा ने हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी का पुतला भी फूंका। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा के साथ महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और अन्य कार्यकर्ताओं भी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि पंजाब में जिस प्रकार से कांग्रेस सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को विफल करने में नीच हथकंडे अपनाए हैं, उससे कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता सामने आई है। रणधीर शर्मा ने कहा कि इसको लेकर पूरे देश में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया है ताकि जनभावनाओं को जो मोदी के प्रति हैं, उन्हें प्रकट किया जा सके। शर्मा ने कहा कि रैली में भाग लेने के लिए हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे, लेकिन पंजाब सरकार ने फिरोजपुर के 26 के 26 रास्ते बंद कर दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले को भी किसानों की एवज में रोकने की कोशिश की। उन्होंने इस कृत्य की घोर निदा करते हुए कहा कि वीरवार को महिला मोर्चा व युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र के लिए महामृत्युंजय का जप कर रखेंगे, वहीं पर पंजाब सरकार के पुतले भी जलाएंगे।
वहीं स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस के अवसर श्रीनयना देवी में लोअर महिला मोर्चा और लोअर युवा मोर्चा ने भी मिलकर एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर भाजपा कार्यकारिणी सदस्य आशुतोष शर्मा, लोअर महिला मोर्चा प्रधान कविता शर्मा भी मौजूद रही।