बंबर न पार्टी में साख बचा पाए न ही जनता में : जिला भाजपा
संवाद सहयोगी बिलासपुर कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर शुक्रवार को भाजपा जिला इक
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर शुक्रवार को भाजपा जिला इकाई ने जोरदार सियासी हमला बोला है। जिला अध्यक्ष स्वतंत्र संख्यान, जिला महामंत्री आशीष ढिल्लों, मंडल अध्यक्ष हंसराज ठाकुर मंडल महामंत्री प्यारे लाल चौधरी व पवन ठाकुर, जिला मुख्य प्रवक्ता रूपलाल ठाकुर, प्रदेश युवा मोर्चा सह प्रवक्ता राकेश ठाकुर, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष विनोद ठाकुर, शहरी युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील राणा ने कहा कि बंबर ठाकुर को उनकी अपनी पार्टी ने दरकिनार कर दिया है। बंबर के कारनामों के कारण ही उन्हें पार्टी के जिला अध्यक्ष के पद से बाहर किया गया है। वह कांग्रेस पार्टी में न तो अपनी साख बचा पाए और न ही जनता के बीच।
भाजपा नेताओं ने कहा है कि पूर्व विधायक बताएं कि क्या उनके बेटे के खिलाफ कंदरौर में कोविड लॉकडाउन के दौरान बार बार पुलिस बैरियर तोड़ने को लेकर एफआइआर दर्ज नहीं हुई है? क्या उन्होंने इस मामले में महिला आइपीएस अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया था और बेटे को बचाने के लिए धरने पर बैठ गए थे? क्या यह झूठ है कि उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद जिला अस्पताल में हंगामा करने चली गईं और उन पर भी एफआइआर दर्ज है?
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व विधायक अपनी साख को बचाने के लिए झूठे बयान दे रहे हैं। पार्टी नेताओं ने कहा है कि जब वह सदर के कांग्रेस पार्टी के विधायक थे तो उनके कारनामों से जनता त्रस्त थी।
बिलासपुर की जनता जानती है कि भाजपा सदर के विधायक सुभाष ठाकुर ने विधानसभा में जो कुछ बयान दिया वह कांग्रेस द्वारा नियम 67 पर कोरोना काल में सरकार और विपक्ष ने क्या किया, इस चर्चा के संदर्भ में था। इसलिए जो सत्य था उसे विधानसभा में रखा गया जिसमें पूर्व कांग्रेस के विधायक और उनके परिवार का कोरोना काल में बिलासपुर में मचाया गया हुड़दंग चर्चा में आ गया जिसकी मौन स्वीकृति विधानसभा में बैठे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी दी है।