इलाज के दौरान युवक की मौत होने पर दो भाइयों पर हत्या का केस
असगरपुर-गिलोडी रोड पर जख्मी हालत में मिले गांव राजपुर के पूर्व सरपंच ऋषिपाल के बेटे 22 वर्षीय तरूण की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसके चाचा महेंद्र ने दो युवकों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इसी आधार पर हिमाचल प्रदेश के नाहन जिले के जबला का बाग निवासी रोहित व अभिषेक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
संवाद सहयोगी, साढौरा : असगरपुर-गिलोडी रोड पर जख्मी हालत में मिले गांव राजपुर के पूर्व सरपंच ऋषिपाल के बेटे 22 वर्षीय तरूण की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसके चाचा महेंद्र ने दो युवकों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इसी आधार पर हिमाचल प्रदेश के नाहन जिले के जबला का बाग निवासी रोहित व अभिषेक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आरोप है कि 28 नवंबर को कालाआंब से लौटते समय सड़क पर खड़े डंपर चालकों के साथ उसकी बहस हुई थी। जिस पर उन्होंने तरुण को पीटा और वहीं छोड़कर फरार हो गए।
तरुण इन दिनों कालाआंब में मोबाइल रिपेयरिग का कार्य सीख रहा था। चाचा महेंद्र ने बताया कि घटना की रात को उन्हें तरुण के घायल अवस्था में पड़े होने का पता लगा। वह उसे उपचार के लिए पहले नारायणगढ़ व उसके बाद पंचकूला लेकर गए। जहां इलाज के दौरान शुक्रवार की शाम को मौत हो गई। मौत से पहले बातचीत में पता लगा कि तरुण के साथ मारपीट हुई थी। रोहित और अभिषेक भी थे। जिस दिन वह कालाआंब से चला था। यह दोनों उसके साथ थे। इनकी आपस में कहासुनी हुई। जिस पर तरूण को डंडों से पीटा। इसके बाद आरोपित भाग निकले। यह बात भी तरुण ने ही उन्हें बताई है। वहीं थाना प्रभारी रतन लाल का कहना है कि मृतक के चाचा की ओर से शिकायत दी गई। उनकी शिकायत पर ही कार्रवाई की गई है। अभी मामले की तफ्तीश की जा रही है। आरोपितों से पूछताछ के बाद ही विवाद की वजह पता लग सकेगी।
अंबाला से बुलाई फॉरेंसिक टीम
तीन दिन पहले जहां पर तरुण पर हमले की घटना हुई। उसकी जांच के लिए अंबाला से फॉरेंसिक टीम बुलाई गई। टीम ने भी मौके से सैंपल लिए हैं। दरअसल, पुलिस को 28 नवंबर को सड़क हादसे में घायल की सूचना अस्पताल से मिली थी। अब तरुण की मौत के बाद स्वजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। उसका दो माह पहले ही रिश्ता तय हुआ था। परिवार के लोग उसकी शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे।