रेलवे कर्मचारी के बेटे ने सुसाइड नोट छोड़ लगाई नहर में छलांग
बाड़ी माजरा नहर पुल से 21 वर्षीय युवक ने पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगा दी। उसे देख आसपास के लोग व गोताखोर बचाने के लिए नहर में कूदे लेकिन उसका पता नहीं लग सका। पुलिस को मौके से उसकी बाइक व बैग मिला है। जिसमें आइकार्ड के जरिए उसकी पहचान रेलवे कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय अक्षय कुमार के रुप में हुई।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : बाड़ी माजरा नहर पुल से 21 वर्षीय युवक ने पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगा दी। उसे देख आसपास के लोग व गोताखोर बचाने के लिए नहर में कूदे, लेकिन उसका पता नहीं लग सका। पुलिस को मौके से उसकी बाइक व बैग मिला है। जिसमें आइकार्ड के जरिए उसकी पहचान रेलवे कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय अक्षय कुमार के रुप में हुई। देर शाम तक उसका पता नहीं लग सका था। बैग से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। जिसमें लिखा था कि वह काफी परेशान है। उसकी मौत में किसी का कोई दोष नहीं है। इसलिए वह ससुाइड कर रहा है।
अक्षय दामला से पॉलिटेक्निक कर रहा था। पिता अनिल कुमार रेलवे कर्मचारी हैं। उनका कहना है कि घर में किसी तरह का कोई विवाद नहीं था। सुबह वह पॉलिटेक्निक गया था। अब पुलिस ने उसके बारे में बताया, तो वह पहुंचे। सदर यमुनानगर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि युवक की तलाश के लिए गोताखोर लगाए थे, लेकिन पता नहीं लगा। उसके पास से नोट भी मिला है।
कुछ देर बाइक पर बैठा रहा था अक्षय :
नहर में विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं के डाले गए पैसों को कुछ गोताखोर निकालते हैं। इस दौरान वहां पर कई गोताखोर खड़े हुए थे। गोताखोर सोहन लाल ने बताया कि करीब पांच बजे वह नहर के पास बैठे हुए थे। तभी एक युवक बाड़ी माजरा पुल पर पहुंचा। उसने बाइक खड़ी की। कुछ देर तक वह बाइक पर बैठा रहा। फिर उसने बैग बाइक पर रखा और पुल से छलांग लगा दी। उसे पुल पर चढ़ते देख आसपास के लोग शोर मचाते हुए उसकी ओर दौड़े, लेकिन तब तक वह कूद चुका था। हम भी तुरंत नहर में कूदे। उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं लग सका।