जहां रहते साहब, वहां विकास की बयार, आमजन के वार्ड सफाई को भी तरसे
वार्ड 8 व 9 में विकास की बयार हैं। यहां मेयर विधायक अन्य नेता व रसूखदार लोग रहते हैं लेकिन वार्ड 19 20 21 व 22 की आम जनता स्ट्रीट लाइट को भी तरस रही है। जन प्रतिनिधि विकास कार्यो में भेदभाव के आरोप लगा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
वार्ड 8 व 9 में विकास की बयार हैं। यहां मेयर, विधायक, अन्य नेता व रसूखदार लोग रहते हैं, लेकिन वार्ड 19, 20, 21 व 22 की आम जनता स्ट्रीट लाइट को भी तरस रही है। जन प्रतिनिधि विकास कार्यो में भेदभाव के आरोप लगा रहे हैं। भाजपा समर्थित पार्षद भी हाउस की बैठक में इन वार्डो की अनदेखी का आरोप लगा रहे हैं। विधानसभा चुनाव सिर पर होने के कारण बेचैनी और भी बढ़ रही है। क्योंकि जनता को जवाब देना है। अब तक के कामों का लेखा-जोखा देना है। कुछ पार्षद खुलकर विरोध कर रहे हैं तो कुछ दबी जुबां से। वार्ड-8 की ये विशेषता
वार्ड आठ से पार्षद विनोद मरवाह पर बेशक इनेलो की छाप हो, लेकिन वार्ड में काम खूब हो रहे हैं। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा व मेयर मदन चौहान इसी वार्ड में रहते हैं। पार्षद के मुताबिक यहां 6-7 करोड़ रुपये के काम हो चुके हैं। इनमें गोविदपुरा रोड पर नाले का निर्माण, मॉडल टाउन की सड़कें, पार्क व प्रोफेसर कॉलोनी की सड़कें शामिल हैं। इसी वार्ड की सड़क के निर्माण में यह भी आरोप लग चुका है कि सड़क की स्थिति अच्छी होने के बावजूद दोबारा बनाई जा रही है।
-----------
वार्ड 9 से रहे सीनियर डिप्टी मेयर
वार्ड 9 से भाजपा समर्थित भावना पार्षद हैं। ये सीनियर डिप्टी मेयर रहे पवन बिट्टू की धर्मपत्नी हैं। उनके मुताबिक वार्ड में दो करोड़ से अधिक के काम हो गए हैं। इनमें सड़क, नालियों का निर्माण व पार्को का सुंदरीकरण शामिल है। पिछले कार्यकाल में भी इस वार्ड में हुए विकास कार्यो पर अंगुलियां उठती रही हैं। अन्य वार्डो से अधिक कार्य करवाए जाने के आरोप विपक्ष के पार्षद लगाते रहे।
मुझे तो सफाई कर्मचारी तक नहीं मिले
वार्ड 20 से पार्षद उषा कहती हैं कि मेरे वार्ड में 11 गांव भी शामिल हैं। यहां सफाई व्यवस्था बदहाल है। केवल 17 कर्मचारी मिले हैं। इनमें से भी कुछ अनुपस्थित रहते हैं। कम से कम 30 सफाई कर्मचारी चाहिए। इस बारे मेयर व ईओ से भी मांग की जा चुकी है। गलियों व नालियों का निर्माण जरूर हुआ है, लेकिन जितनी उम्मीद है, उतना काम नहीं हुआ है। विकास के मामले में हम बहुत पीछे हैं। ये साहब तो यहां तक कह गए
10 सितंबर हो हुई हाउस की बैठक में सत्ता पक्ष के ही पार्षद अभिषेक मौदगिल तो कहां तक कह गए कि हमारे वार्ड के लोगों को आखिर कसूर क्या है। विकास कार्यो में हमारी अनदेखी क्यों हो रही है। इसी दौरान मेयर मदन चौहान ने मौका संभालते हुए बात को घुमा दिया था। पार्षद अभिषेक का कहना है कि उनके वार्ड में 30 कॉलोनियां अभी नियमित हुई हैं। इनमें विकास कार्य होने हैं। टेंडर जरूर लगे, लेकिन काम शुरू नहीं हुए। गलियों व नालियों का बुरा हाल है।
-----------
सभी वार्डो में समान विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। किसी वार्ड में कार्य पहले शुरू हो जाते हैं, किसी में कुछ कारणों के चलते समय लग जाता है। किसी भी वार्ड की अनदेखी नहीं की जा रही है। करोड़ों रुपये से होने वाले कार्यो के टेंडर लगे हुए हैं।
मदन चौहान, मेयर, नगर निगम।