कांजनू में जहां मीटर फैक्ट्री खुलेगी वहां भाकियू ने लगाया यूनियन का झंडा
भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर के नेतृत्व में वीरवार को किसानों ने गांव कांजनू में मीट फैक्ट्री के विरोध करते हुए वहां पर भाकियू का झंडा लगा दिया। उन्होंने बताया कि इस झंडे और डंडे में बड़ी ताकत है। भाकियू किसी भी कीमत पर गांव में मीट फैक्ट्री नहीं लगने देगी। उसका डटकर विरोध किया जाएगा।
संवाद सहयोगी, रादौर : भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर के नेतृत्व में वीरवार को किसानों ने गांव कांजनू में मीट फैक्ट्री के विरोध करते हुए वहां पर भाकियू का झंडा लगा दिया। उन्होंने बताया कि इस झंडे और डंडे में बड़ी ताकत है। भाकियू किसी भी कीमत पर गांव में मीट फैक्ट्री नहीं लगने देगी। उसका डटकर विरोध किया जाएगा। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर 30 नवंबर तक सरकार मीट फैक्ट्री के आदेश वापस नहीं लेती और उसका लाइसेंस रद नहीं करती तो यूनियन एक दिसंबर से यहां टैंट लगाकर धरना शुरू कर देगी।
सुभाष गुर्जर ने कहा कि मीट फैक्ट्री लगने से आसपास के सभी क्षेत्र के लोग परेशान हो जाएंगे। बीमारियों से ग्रस्त हो जाएंगे। पर्यावरण भी दूषित होगा। वह जीव हत्या को रोकने का आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक यहां फैक्ट्री मालिक अपनी जगह न बदले। मीट फैक्ट्री की जगह कुछ और करे या अपना स्थान बदले। किसी भी कीमत पर जहां काम नहीं लगने दिया जाएगा। यह फैक्ट्री मालिक यहां के भोले भाले लोगों को दबाना चाहते हैं। सरकार की यह मंशा पूरी नहीं होने दी जाएगी। सरकार एक तरफ तो जीव हत्या और गो हत्या रोकने का झूठा प्रचार कर रही है। और दूसरी तरफ एक बूचड़खाने को बढ़ावा दे रही है। यदि फैक्ट्री यहां जबरन खोली गई तो भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत सहित बड़े नेता भी इस आंदोलन में शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष रतन मान भी यहां दौरा कर चुके हैं। मौके पर जयप्रकाश नंबरदार, शिवकुमार पूर्व सरपंच, रामकुमार गोपाल सरपंच अलाहर, रजत कुमार, विनोद डांगी, उदय सिंह कुंजल, जगपाल सिंह पूर्व सरपंच धौडंग, सुभाष चमरौड़ी, जोगिद्र, रामेश्वर, सचिन कांबोज, सुशील कुमार, वीरेंद्र कुमार, भूषण कुमार, पवन कांबोज अलाहर, पंकज कुमार, रोकी कांबोज, सुबे सिंह, सेठपाल, पवन कुमार सरपंच, सुरेश कुमार मौजूद रहे।