हमें सशक्त नारी की भूमिका निभानी है : डॉ. उर्मिला
गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज संतपुरा में शनिवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रेजुएशन व पोस्ट ग्रेजुएशन (2018- 19 बैच) की छात्राओं को डिग्री व मेडल देकर सम्मानित किया गया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज संतपुरा में शनिवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रेजुएशन व पोस्ट ग्रेजुएशन (2018- 19 बैच) की छात्राओं को डिग्री व मेडल देकर सम्मानित किया गया। जीएनजी एवं संत निश्चल सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वूमेन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित दीक्षांत समारोह की मुख्य अतिथि यूनविर्सिटी ग्रांट कमिशन की संयुक्त सचिव डॉ. उर्मिला देवी रही। उर्मिला देवी ने कहा कि अपने भविष्य को बेहतर करने के लिए सबसे जरूरी है है कि आपको पता हो कि जीवन में क्या करना है। हमें किसी की नकल करने की जरूरत नहीं है। ईश्वर ने आपको अनेक खूबियों से नवाजा है। उसे पहचानिए और जिस विषय या जिस क्षेत्र में जाना चाहते हैं उसे चुनिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दीक्षांत समारोह का आयोजन सराहनीय है, क्योंकि यह कॉलेज महिलाओं का है और आज महिला शक्ति यहां उपस्थित है। भारतीय नारी हर क्षेत्र में आगे हैं। उन्होंने सभी छात्रों को इस अवसर पर अपनी एक अलग पहचान बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि हमें पुरुषों का मुकाबला नहीं करना है बल्कि हमें समाज में महिला होते हुए एक सशक्त सक्षम नारी की भूमिका अदा करनी है।