जेल में डीएसपी से वार्डर ने की अभद्रता, केस दर्ज, बाद में समझौता
आसपास के अन्य कर्मियों ने किसी तरह से उन्हें शांत किया। मामला 26 जुलाई का है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
जेल में डीएसपी राजेंद्र सिंह व वार्डर जितेंद्र के बीच विवाद हो गया। दोनों के बीच झड़प तक की नौबत आ गई। आसपास के अन्य कर्मियों ने किसी तरह से उन्हें शांत किया। मामला 26 जुलाई का है। पहले दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात होती रही। बाद में कोई बात नहीं बनी, तो डीएसपी ने थाने में शिकायत दी। जिस पर आरोपित वार्डर जितेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
यह दी गई थी शिकायत :
डीएसपी जेल राजेंद्र कुमार की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक, 26 जुलाई की शाम को गारद की रोल काल ली गई थी। रोल काल के दौरान वार्डर जितेंद्र शराब पीकर आया और उनके साथ अभद्रता करने लगा। उसे समझाया गया तो वह गाली गलौज करने लगा। तब भी काफी रोका गया। लेकिन वह नहीं माना। बाद में धमकी दी कि वह एक महीने के अंदर अपनी जानकार महिला को बुलाकर उसे साजिश के तहत फंसवा देगा। इस शिकायत के आधार पर सिटी थाना पुलिस जगाधरी ने केस दर्ज कर लिया।
एसपी बोले समझौता हो गया दोनों के बीच :
जगाधरी जेल एसपी संजीव पातड़ से इस बारे में जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि दोनों के विवाद हुआ था। अब दोनों का समझौता हो गया है। वार्डर ने अपनी गलती मान ली है। अब कोई विवाद नहीं है।
केस दर्ज कर लिया जांच की जाएगी :
थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी के साथ वार्डर का समझौता हुआ है। यह मेरे संज्ञान में नहीं है।