साढौरा में बंपर 80 तो यमुनानगर में सबसे कम 70 प्रतिशत हुआ मतदान
कई बूथ तो ऐसे थे जिन पर दोपहर में सन्नाटा पसर गया था लेकिन गर्मी कम होने पर बूथों पर मतदान के लिए फिर से लंबी लाइनें लग गई। शाम को लोकसभा चुनाव छिटपुट झड़पों के साथ शांतिपूर्ण संपन्न हो गया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : सुबह की ठंडक के साथ रविवार को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ। लेकिन जैसे-जैसे पारा बढ़ा मतदाताओं का जोश ठंडा पड़ने लगा। इसका असर सबसे अधिक शहरी क्षेत्र में दिखा। कई बूथ तो ऐसे थे जिन पर दोपहर में सन्नाटा पसर गया था, लेकिन गर्मी कम होने पर बूथों पर मतदान के लिए फिर से लंबी लाइनें लग गई। शाम को लोकसभा चुनाव छिटपुट झड़पों के साथ शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। हालांकि बिलासपुर के रानीपुर, कोटड़ा खास व मंडी गांव समेत कई गांवों में मतदान केंद्रों के बाहर भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता एक दूसरे से उलझ गए। रानीपुर में हुई हाथापाई में दो कार्यकर्ता जख्मी हो गए। छछरौली में वोट डालने के बाद घर लौट रही 85 वर्षीय महिला चंद्रकांता की मौत हो गई। उसकी मौत की वजह बीमारी बताया गया है। 20 से ज्यादा मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आई जिस कारण मतदान देरी से शुरू हुआ। इससे मतदाताओं को दिक्कत हुई। मतदाताओं ने व्यवस्था को भी पूरा कोसा। ग्रामीण एरिया में मतदान का प्रतिशत शहर से ज्यादा रहा। विधायकों के गांव में भी बंपर वोटिग हुई। जिला की चारों विधानसभाओं में सबसे ज्यादा वोटिग साढौरा में 80 प्रतिशत हुई। जबकि जगाधरी में 78 प्रतिशत, रादौर में 70 व यमुनानगर में 70 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे निचले पायदान पर रहा। सुरक्षा के लिए डीसी व कमिश्नर ने संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथ का दौरा किया। कांग्रेस प्रत्याशी सैलजा ने ट्रेनिग के बाद मशीनों में आई खराबी पर अफसोस जताया। इस बारे में इलेक्शन कमिश्नर को शिकायत करने की बात कही। जिला में औसतन हुआ 71.59 प्रतिशत मतदान :
चारों विधानसभा क्षेत्र में मतदान के लिए प्रशासन की तरफ से 958 बूथ बनाए गए थे। जिनमें 135 संवेदनशील व 86 अति संवेदनशील थे। कुल आठ लाख 23 हजार 615 लोगों को मतदान करना था। शाम छह बजे तक औसतन 71.59 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव करवाने के लिए पर्यवेक्षक के अलावा 663 माइक्रो ऑबजर्वर तैनात किए गए थे। बूथों की सुरक्षा के लिए भी कड़े बंदोबस्त किए गए थे। जिसमें तीन हजार पुलिसकर्मी थे। इनमें 15 इंस्पेक्टर, 10 डीएसपी, 40 पेट्रोलिग पार्टी व 40 ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। इसके अलावा कंद्रीय सुरक्षा बालों की चार कंपनियां हथियारों के साथ तैनात की गई थी। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कर्णम मल्लेश्वरी ने सेक्टर 18 के बूथ नंबर 208 पर मतदान किया। इसी तरह बूथ नंबर 202 पर मेयर मदन चौहान ने वोट डाला। उनकी वोट का नंबर 786 था। समय साढौरा जगाधरी यमुनानगर रादौर
8 04.97 07.12 06.45 08.33
9 12.07 14.12 11.34 10.64
10 18.11 16.00 14.65 14.74
11 23.00 20.12 21.61 22.65
12 29.00 24.12 24.61 35.00
1 46.00 44.75 36.00 48.00
2 55.12 48.65 43.44 54.41
3 64.00 59.28 50.36 59.00
4 66.65 61.28 55.88 61.44
5 67.76 64.95 60.00 70.00
6 77.64 71.13 67.60 70.00
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप