मौसम में आ रहे बदलाव से वायरल के मरीजों की अस्पताल में बढ़ी भीड़
मौसम में आ रहे बदलाव की वजह से वायरल खांसी और जुकाम के अधिक मरीज आ रहे हैं। इस वजह से सबसे अधिक भीड़ भी मरीजों की फिजिशियन के पास ही लग रही है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : मौसम में आ रहे बदलाव की वजह से वायरल, खांसी और जुकाम के अधिक मरीज आ रहे हैं। इस वजह से सबसे अधिक भीड़ भी मरीजों की फिजिशियन के पास ही लग रही है। बुजुर्गों व बच्चों को भी यह मौसम चपेट में ले रहा है। बाल रोग विशेषज्ञ के बाहर भी बच्चों को लेकर महिलाएं बैठी हुई है। कई-कई घंटे तक इंतजार करने के बाद उनका नंबर आ रहा है। सिविल अस्पताल में इस समय आ रहे मरीजों व हालातों को लेकर दैनिक जागरण की टीम ने लाइव किया।
11 बजे : पर्ची वितरण कक्ष
यहां पर मरीजों की लंबी लाइन लगी है। पर्ची बनवाने की जद्दोजहद में मरीज लगे हुए हैं। एक तरफ महिलाएं, तो दूसरी ओर पुरुषों की लाइन लगी है। सबसे अधिक दिक्कत यही पर झेलनी पड़ रही है। हालांकि सुविधा के लिए पांच खिड़की बनाई गई हैं, लेकिन मरीजों की भीड़ कम नहीं हो रही। एक-एक घंटा पर्ची बनवाने में लग रहा है।
साढ़े 11 बजे : फिजिशियन कक्ष
अस्पताल में सबसे अधिक भीड़ यहीं पर है। बाहर खड़ा कर्मचारी मरीजों की पर्ची ले रहा है। हालात इस तरह के हैं कि कर्मचारी तक पर्ची पहुंचाने के लिए भी नंबर नहीं आ रहा है। जिन लोगों की पर्ची चली भी गई, वह अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। वहीं कक्ष के सामने खड़े हैं। जब भी कर्मचारी आवाज देता, तुरंत उधर देखने लगते।
12 बजे : बाल रोग विशेषज्ञ
बाल रोग विशेषज्ञ के पास भी इसी तरह के हालात हैं। यहां भी बच्चों को लेकर आई महिलाओं की लाइन लगी है। हालांकि यहां पर अब गेट से पहले ही काउंटर लगा दिया गया है। जिस पर महिलाएं पर्ची जमा कराती हैं। फिर अंदर से कर्मचारी आवाज देता है। यहीं पर निक्कू वार्ड भी बना है। इस वजह से एक तरफ काउंटर लगाया हुआ है। महिलाएं हाथ में पर्ची लिए काउंटर पर खड़ी इंतजार कर रही है, जबकि कर्मचारी उन्हें बैठने का इशारा कर रहा है।