सहारनपुर में वाहन ने यमुनानगर के दो दोस्तों को कुचला, एक की मौत
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : सहारनपुर के शाहजहांपुर में शुक्रवार रात एक ट्रक ने बाइक
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : सहारनपुर के शाहजहांपुर में शुक्रवार रात एक ट्रक ने बाइक सवार यमुनानगर के दो दोस्तों को कुचल दिया। हादसे में बूड़िया निवासी अंकित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दयालगढ़ का मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार चंडीगढ़ पीजीआइ में चल रहा है। वहां पर उसे वेंटीलेटर पर रखा गया है। सरसावा पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से बूड़िया में शोक की लहर है। पोस्टमार्टम के बाद अंकित का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार वाहन ने चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंचे तो घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उनके पास से मिले दस्तावेज के आधार पर एक युवक की पहचान अंकित और मोहित के तौर पर हुई।
20 वर्षीय अंकित और 22 वर्षीय मोहित दोनों दोस्त थे। दोनों को जरूरी काम से सहारनपुर जाना था, इसलिए शुक्रवार शाम वो मोहित की बाइक पर सवार होकर सहारनपुर की तरफ रवाना हो गए। जैसे ही वे सहारनपुर में हाइवे पर शाहजहांपुर के नजदीक पहुंचे तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक वाहन सहित वहां से फरार हो गया। जबकि अंकित व मोहित दोनों हादसे में गंभीर रूप घायल हो गए। बताया जा रहा है काफी देर तक दोनों ऐसे ही सड़क पर खून से लथपथ पड़े तड़पते रहे। उसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम से पुलिस आई। तब तक अंकित की सांसें थम चुकी थी। डाक्टर का कहना है कि सिर में गंभीर चोट लगने व अधिक खून बहने से अंकित की मौत हुई है। मोहित को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मोहित की जेब से मिले मोबाइल के आधार पर उसके पिता से संपर्क किया। सूचना पाते ही रात को अंकित व मोहित दोनों के परिजन मौके पर पहुंच गए। मोहित को बेहतर उपचार के लिए परिजन पीजीआइ चंडीगढ़ में ले गए। जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
चार महीना पहले हुई थी अंकित के पिता की मौत
चार माह पहले ही अंकित के पिता प्रदुम्न की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। अंकित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। अंकित के चाचा संजय शर्मा ने बताया कि हादसे से उनका परिवार उजड़ गया है। अंकित की मां हेमा को जब इस हादसे का पता चला तो वह बेहोश हो गई। उसको किसी तरह से संभाला हुआ है।