आरएसएस कार्यकर्ता के घर तोड़फोड़ के बाद रात को हंगामा, सुबह समझौता
बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों में समझौता हो गया। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
हमीदा में आरएसएस कार्यकर्ता की कार तोड़ने व उनके साथ हाथापाई करने पर बुधवार रात हंगामा हो गया था। काफी संख्या में लोग हमीदा की सड़कों पर जमा हो गए थे। परंतु बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों में समझौता हो गया। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
आरएसएस कार्यकर्ता सुमन ने आरोप लगाया था कि पुराना हमीदा के ही विशेष समुदाय के लोग उनसे पुरानी रंजिश रखते हैं। इसलिए वे जब भी उसके पास से गुजरते हैं तो उन पर अभद्र टिप्पणी करते हैं। इस रंजिश के तहत आरोपितों ने बुधवार रात घर के बाहर खड़ी उसकी कार को ईंटों से तोड़ दिया था। जब उसने विरोध जताया तो आरोपितों ने उससे भी हाथापाई की। इसका पता दोनों पक्षों के समर्थकों को लगा तो वे हमीदा में एकत्रित होकर हंगामा करने लगे। सूचना पाते ही मौके पर हमीदा चौकी इंचार्ज ईश्वर सिंह व थाना शहर यमुनानगर एसएचओ कमलदीप मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे। दोनों पक्षों को हमीदा चौकी ले जाया गया। परंतु वहां पर भी आरोप प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों को एक बार फिर बुलाया गया। जहां पर मौजिज लोगों के कहने पर सुमन ने कोई कार्रवाई कराने से मना कर दिया और अपनी शिकायत वापस ले ली।
हमीदा चौकी इंचार्ज ईश्वर सिंह का कहना है कि सुमन का कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया था। उन्होंने अपनी शिकायत वापस ले ली है। वह किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कराना चाहते। हमीदा में अब स्थिति सामान्य है।