सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवक घायल
सड़क हादसों में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपित कार व बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
सड़क हादसों में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपित कार व बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
थाना शहर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बैंक कालोनी निवासी अवनीश कुमार ने बताया कि वह रात को जगाधरी की तरफ से काम खत्म करके माडल टाउन स्थित अपने कार्यालय में बाइक पर वापस लौट रहा था। जब वह पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचा तो पीछे से पंजाब नंबर की तेज गति से आ रही कार ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसकी बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर लगने से वह भी सड़क पर जा गिरा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर व कमर में ज्यादा चोट आई। आरोपित कार चालक मौका पाकर वहां से फरार हो गया। राहगीरों ने उसको रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने उन पर भी कार चढ़ाने का प्रयास किया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। अब उसका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना की शिकायत थाने में दी गई। पुलिस ने आरोपित पंजाब के कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, गांव मंगलौर निवासी हैप्पी ने थाना छप्पर पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह बाइक पर गांव कोत्तरखाना में अपने मामा के घर जा रहा था। दोपहर के समय जब वह मुसिबल से कोत्तराखाना रोड पर पहुंचा तो सामने से आ रही एक अन्य बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसके सिर, मुंह व टांग पर गंभीर चोटें आई। आरोपित बाइक चालक की पहचान गांव बाल छप्पर निवासी कमल के तौर पर हुई। पुलिस ने बाइक सवार पर केस दर्ज कर लिया।