किशोर को चोटें मारने के तीन आरोपित गिरफ्तार
जागरण संवाददाता यमुनानगर गांधी नगर फाटक के पास दो गुटों के बीच हुए झगड़े में वहां स
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : गांधी नगर फाटक के पास दो गुटों के बीच हुए झगड़े में वहां से गुजर रहे राजन को गंभीर चोटें मारने के तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गांधीनगर थाना प्रभारी अनिल राणा ने बताया कि शिवनगर निवासी सूरज, पंजाब के जालंधर के न्यू गुरुनानकनगर निवासी अजय व शिवनगर निवासी कैलाश को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को दी शिकायत में नवाब कालोनी निवासी राकेश कुमार ने बताया कि वह पेंट का कार्य करता है। शाम को उनका बेटा 16 वर्षीय राजन अपने दोस्त रितिक के साथ खाना खाने के बाद गांधीनगर की ओर घूमने के लिए गया था। रात करीब साढ़े दस बजे पता लगा कि उनके बेटे को चोट लग गई है और उसे सिविल अस्पताल में लेकर गए हैं। जब वह सिविल अस्पताल में पहुंचे, तो वहां उनका बेटा राजन बेहोश था। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआइ रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज चल रहा है। अब पता लगा कि गांधीनगर फाटक के पास दो गुटों के बीच झगड़ा हो रहा था। जब उनका बेटा राजन वहां से गुजर रहा था, तभी वहां पर आपस में झगड़ रहे दीपक, सूरज, अजय, सन्नी, कैलाश व 25-30 लोगों ने उनके बेटे को बेवजह पीट दिया। जिसमें उसे गंभीर चोटें आई हैं।