लॉरी की सवारी--इस बार तो भाई कांटे की टक्कर है
इस समय एक ही चर्चा हर ओर है। चुनाव में कौन बाजी मारेगा किसका सिक्का चलेगा। जहां पांच-सात लोग खड़े हो गए वहीं पर चुनावी चर्चा शुरू हो जाती है। बस हो या ट्रेन। हर जगह सिर्फ प्रत्याशियों और पार्टियों की बातें चल रही हैं।
इस समय एक ही चर्चा हर ओर है। चुनाव में कौन बाजी मारेगा, किसका सिक्का चलेगा। जहां पांच-सात लोग खड़े हो गए, वहीं पर चुनावी चर्चा शुरू हो जाती है। बस हो या ट्रेन। हर जगह सिर्फ प्रत्याशियों और पार्टियों की बातें चल रही हैं। कोई विकास कार्यो को लेकर बात कर रहा है, तो कोई रोजगार के मुद्दे को लेकर। इसी कड़ी में दैनिक जागरण संवाददाता ने यमुनानगर से बिलासपुर तक बस का सफर किया। बस में बैठे लोगों से चुनावी माहौल को लेकर बात की।
सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर रोडवेज बस यमुनानगर स्टैंड से चली। बस की सभी सीटें भरी थीं। यहां से चलते ही कमानी चौक पर पहुंची, तो 10-15 सवारियां और चढ़ गई। परिचालक विकास ने टिकट काटने शुरू कर दिए। सीटों पर बैठी सवारियों ने टिकट कटाए, लेकिन बस में खड़ी सवारियों ने टिकट नहीं लिए। पूछने पर पता लगा कि यह लोग जगाधरी बस स्टैंड पर उतर जाएंगे। 15 मिनट बाद बस जगाधरी स्टैंड पर पहुंची, तो कुछ सवारियां उतर गई। पांच मिनट बाद यहां से चल दिए।
यहां बस में बैठे युवा तो अपने मोबाइल में व्यस्त थे, तो बुजुर्ग भी चुपचाप बैठे थे। हमने भी मौका देखकर चुनाव की चर्चा छेड़ दी। शुरुआत युवाओं से हुई। पैंसल के रोहित और सौरभ एक ही सीट पर बैठे थे। उनसे पूछा, चुनाव में वोट दोगे, तो तपाक से बोले। हर बार देते हैं, इस बार भी देंगे। क्या सरकार ने युवाओं ने लिए कुछ किया है। इस पर सौरभ बोला कि भर्तियों में पारदर्शिता हुई है। यह सबसे अच्छा है। खुद मैंने हरियाणा पुलिस का एग्जाम दिया। क्लियर हो गया है। अभी फाइनल रिजल्ट नहीं आया। अन्य एग्जाम भी दे रखे हैं। उनमें भी उम्मीद है।
तभी पीछे बैठे बुजुर्ग अलीशेरपुर माजरा के बलबीर सिंह बोल पड़े कि भाजपा वाले किस्मत के धनी है। पिछली बार तो वोट उनको ही दी थी। गांव में एक ट्रांसफार्मर के लिए सालों से चक्कर काट रहे हैं। वह नहीं लगा। इस बार देखेंगे। कांटें की टक्कर है, इस बार तो। उनकी बात काटते हुए युवा रोहित बोल पड़ा कि बिजली तो हर गांव में 24 घंटे आ रही है। उनकी ही बात का बिलासपुर के सुभाष चंद ने भी समर्थन किया। इस बीच भेड़थल का अड्डा आ गया। यहां पर कुछ सवारियां उतर गई, तो कुछ यहां से चढ़ी भी।
जैसे ही बस आगे बढ़ी, फिर से चुनाव की चर्चा चल पड़ी। इसमें अभिषेक भी शामिल हो गया। उसने कहा कि प्रत्याशी कोई भी हो, जो अच्छा कार्य करे। उसे ही चुनना चाहिए। इतने में पीछे बैठे विनोद कुमार बोल पड़े। भाई कुछ भी हो, कुछ मुद्दे तो काफी समय से पड़े हैं। कोई भी सरकार आई। उनका समाधान नहीं हुआ। चाहे वह स्वामीनाथन आयोग लागू करने का हो या फिर बेरोजगारी दूर करने का हो। इस तरह से बिलासपुर स्टैंड पर बस पहुंची, तो हम भी सभी से राम-राम कर नीचे उतर गए। बस में फिर यमुनानगर के लिए सवारियां चढ़ने लगी।