धरने पर बैठे दंपती ने तेल डालकर आग लगाने का किया प्रयास, पुलिसकर्मियों ने पकड़ा
धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दे रहे दंपती ने खुद के ऊपर तेल डालकार आत्मदाह करने का प्रयास किया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दे रहे गांव पतासगढ़ के दंपती ने शनिवार को तेल डालकर आग लगाने की कोशिश की। 29 सेकेंड के वीडियो में कर्मवीर पहले खुद पर तेल डालता है। फिर अपनी पत्नी पर कैनी से तेल डाल रहा है। हालांकि वहां पर मौजूद सिक्योरिटी एजेंट कृष्ण लाल व पुलिसकर्मियों ने उन्हें देख लिया और आग लगाने से पहले पकड़ लिया। दंपती के पास ही आए उनके बच्चे ने मोबाइल से यह वीडियो भी बनाया। मामले का पता लगने पर एसपी कमलदीप गोयल भी कार्यालय से उनके पास पहुंचे। दंपती की बात को सुना और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं दंपती का कहना है कि अब उनका फैसला हो चुका है।
कर्मवीर ने जवाहरनगर के रामकुमार को गाड़ी बेची थी। इसकी लोन की शेष किश्तें रामकुमार को भरनी थी। रामकुमार ने इसकी किश्तें नहीं भरी थी। नवंबर 2019 में वह बाहर था, तो उसने कॉल कर पत्नी को थाने में रामकुमार के खिलाफ शिकायत देने के लिए कहा था। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया था, लेकिन आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। वहीं महिला का आरोप था कि शिकायत के बाद एक पुलिसकर्मी उनके घर पर आया था और उनके साथ छेड़छाड़ की थी। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर नौ सितंबर को दंपती लघु सचिवालय के सामने धरने पर बैठा। मौके पर डीएसपी हेडक्वार्टर सुभाष चंद पहुंचे। उन्होंने दंपती को कार्यालय में बुलाकर बात की। इसके बाद आरोपित रामकुमार की गिरफ्तारी हो गई थी। वहीं जिस पुलिसकर्मी पर आरोप लगाया गया। उसे भी डीएसपी ने बुलाया था, लेकिन छेड़छाड़ की बात सही नहीं निकली थी। इसके दो दिन बाद फिर से दंपती ने धरना दे दिया था। दंपती की बात को सुनकर उन्हें समझाया गया
एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि दंपती को कोई गलतफहमी हो गई थी। उनकी बात को सुना गया और उन्हें समझा दिया गया। उनके केस में नियमानुसार कार्रवाई हो रही है। एक आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। एक अन्य आरोपित का नाम उन्होंने बताया। उसे भी पकड़ लिया गया है।