अपहरण के केस में जमानत पर आए युवक ने दी छात्रा को तेजाब डालने की धमकी, गिरफ्तार
हनुमान गेट के विष्णु ने पहले किशोरी का अपहरण किया। परिजनों ने केस दर्ज कराया, तो आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। जमानत पर बाहर आते ही किशोरी को केस वापस न लेने पर तेजाब से जलाने की धमकी दे दी।
अवनीश कुमार, यमुनानगर
हनुमान गेट के विष्णु ने पहले किशोरी का अपहरण किया। परिजनों ने केस दर्ज कराया, तो आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। जमानत पर बाहर आते ही किशोरी को केस वापस न लेने पर तेजाब से जलाने की धमकी दे दी। आरोप है कि वह किशोरी का रास्ता रोककर अश्लील हरकत भी करता था। गुरुवार को भी आरोपित ने किशोरी का रास्ता रोका और तेजाब डालने की धमकी दी। किशोरी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पोक्सो समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
दसवीं में पढ़ती है छात्रा
17 वर्षीय लड़की जगाधरी के एक स्कूल में दसवीं की छात्रा है। छात्रा के पिता ने बताया कि आरोपित विष्णु उनकी लड़की को रास्ते में रोक कर तेजाब डालने की धमकी देता है। इस वजह से किशोरी का स्कूल जाना दूभर हो गया है। परिवार के दूसरे सदस्य भी आरोपित की हरकतों से मानसिक रूप से परेशान रहते हैं। आरोपित धमकी दे रहा है कि वह उन्हें ऐसे ही परेशान करेगा। गुरुवार को आरोपित ने हनुमान गेट के मोड़ पर उनकी लड़की को पकड़ लिया और उसके साथ अश्लील हरकत भी की। डरी सहमी लड़की रोते-रोते घर पहुंची और परिजनों को इस बारे में बताया। पिता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पहले किशोरी को भगा ले गया था आरोपित
आरोपित विष्णु करीब एक साल पहले किशोरी को बहला फुसलाकर भगा ले गया था। मामले में परिजनों ने केस दर्ज कराया था। आरोपित के खिलाफ 366 के तहत केस दर्ज हुआ था। अब यह केस कोर्ट में विचाराधीन है। जेएमआइसी पूनम सुनेजा की कोर्ट में यह केस चल रहा है। आरोपित फिलहाल जमानत पर बाहर है। केस में भी आठ अक्टूबर को सुनवाई होनी है। इसी केस को वापस लेने का दबाव आरोपित विष्णु डाल रहा है। इसके लिए ही आरोपित ने किशोरी व उसके परिजनों को तेजाब डालने की धमकी दी है।