ढाबों पर दाल के साथ लग रहा राजनीति का तड़का
विस चुनाव में हर तरफ सियासी माहौल है। ढाबों पर भी राजनीतिक तड़का लग रहा है। खाना खाने के साथ-साथ लोग चुनावी माहौल पर भी चर्चा कर रहे हैं। किसी को जीता रहे हैं तो किसी की जमानत तक जब्त कर देते हैं। दैनिक जागरण की टीम ने बस स्टैंड के पास सुखविद्र ढाबा पर पहुंचे ग्राहकों से शहर में चल रहे राजनीतिक माहौल पर चर्चा की।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : विस चुनाव में हर तरफ सियासी माहौल है। ढाबों पर भी राजनीतिक तड़का लग रहा है। खाना खाने के साथ-साथ लोग चुनावी माहौल पर भी चर्चा कर रहे हैं। किसी को जीता रहे हैं तो किसी की जमानत तक जब्त कर देते हैं। दैनिक जागरण की टीम ने बस स्टैंड के पास सुखविद्र ढाबा पर पहुंचे ग्राहकों से शहर में चल रहे राजनीतिक माहौल पर चर्चा की। ढाबे की खास बात यह है कि शहरवासियों के साथ ही यहां रोडवेज में तैनात सभी कर्मचारी खाना खाने के लिए पहुंचते हैं। फुर्सत मिलने पर खाने के साथ ही इन दिनों हार-जीत के समीकरण भी बना रहे हैं।
बृहस्पतिवार को को दोपहर 12 बजे दैनिक जागरण की टीम ढाबे पर पहुंची। खाने के साथ ही कुछ लोग यहां चुनावी चटकारे भी ले रहे थे। मॉडल टाउन निवासी राम गोपाल, दिनेश कुमार और रोडवेज कर्मचारी हरनाम का कहना है कि राजनीतिक दल कोई भी हो, प्रत्याशी अच्छा होना चाहिए। वर्तमान सरकार ने भी अच्छा काम किया है। इससे पहले रही सरकारों के काम करने का अपना तरीका था इस सरकार का अपना तरीका है। हर नेता अपने हिसाब से राजनीतिक करता है। जनता की सुनता कौन है, लेकिन वोट राष्ट्रहित में की जानी चाहिए।
सुरेश, मंदीप और राजेश का कहना है कि कहीं भाजपा और इनेलो में टक्कर है, तो कहीं भाजपा और कांग्रेस में। हाथी वाले भी पूरा जोर लगा हैं। खासतौर पर युवाओं पर मोदी का जादू भी खूब दिखाई दे रहा है। बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर हमला और अनुच्छेद 370 जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है। इनको सराहा भी जा रहा है। सरकार किसकी बनेगी, यह तो भविष्य के गर्भ में है, लेकिन इन दिनों चुनाव में उतरा हर प्रत्याशी जीत के लिए जोर लगा रहा है।