रैली से आयुष्मान योजना के फायदे बताए
आयुष्मान भारत योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ कार्यवाहक सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया ने झंडी दिखाकर किया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : आयुष्मान भारत योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ कार्यवाहक सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया ने झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 15 से 30 सितंबर तक सभी जिलों में आयुष्मान पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य जिलेभर में योजना के प्रति जागरूकता का प्रचार-प्रसार और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना है। यह सरकार की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य सामाजिक और आर्थिक जनगणना के आंकड़ों के अनुसार ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जिले में अब तक 5019 मरीजों को आयुष्मान योजना का लाभ दिया गया है। इनमें से 660 को सिविल अस्पताल में और 531 मरीजों को सिविल अस्पताल जगाधरी और 154 मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से लाभ दिया गया है। 3682 मरीजों को निजी अस्पताल से लाभ मिला है।