अनशन पर बैठे कर्मचारी, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
नगर निगम कार्यालय के सामने कर्मचारियों को क्रमिक अनशन जारी ह
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
नगर निगम कार्यालय के सामने कर्मचारियों को क्रमिक अनशन जारी है। निगम, फायर ब्रिगेड के नियमित और पैरोल के कर्मचारियों को फूलों की मालाएं पहनाकर अनशन पर बिठाया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांगों की अनदेखी का आरोप लगाया।
प्रदर्शन की अध्यक्षता शाखा प्रधान राजकुमार धारीवाल व संचालन शाखा सचिव प्रवेश परोचा ने किया। महासचिव मांगे राम तिगरा ने कर्मचारियों को बताया कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक और नगरपालिका कर्मचारी संघ के साथ वार्ता विफल रही है। जिस कारण से कर्मचारियों की मांगे पूरी ना होने के कारण संघ ने आंदोलन को जारी रखने का एलान किया है। कर्मचारियों की मांगों में 25 अप्रैल से कोरोना योद्धाओं की मौत पर 50 लाख रुपए आर्थिक सहायता परिवार के सदस्य को नियमित रोजगार, चार हजार रुपये मासिक जोखिम भत्ता, पालिकाओं में लगे सभी तृतीय चतुर्थ व डोर टू डोर के सफाई चालकों का ठेका समाप्त करने, छंटनी पर रोक लगाने, नियमित फायर कर्मचारियों को बिना शर्त एसीपी व प्रमोशन लागू करना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना सहित अन्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 13,14,15 अक्टूबर को जनता के बीच जाकर सरकार की वादा खिलाफी के बारे में बताया जाएगा। 28 और 29 अक्टूबर को 24 घंटे की भूख हड़ताल की जाएगी। उसके बाद 8 नवंबर को हजारों की संख्या में कर्मचारी शहरी स्थानीय विभाग के निकाय मंत्री के निवास स्थान पर प्रदर्शन करेंगे।