Move to Jagran APP

क्या अस्थमा, हार्ट व शुगर के मरीज टीकाकरण करा लें, सिविल सर्जन बोले-अवश्य कराएं

कोरोना से बचाव व अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए दै।

By JagranEdited By: Published: Sat, 08 May 2021 07:30 AM (IST)Updated: Sat, 08 May 2021 07:30 AM (IST)
क्या अस्थमा, हार्ट व शुगर के मरीज टीकाकरण करा लें, सिविल सर्जन बोले-अवश्य कराएं
क्या अस्थमा, हार्ट व शुगर के मरीज टीकाकरण करा लें, सिविल सर्जन बोले-अवश्य कराएं

जागरण संवाददाता, यमुनानगर :

loksabha election banner

कोरोना से बचाव व अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए दैनिक जागरण की ओर से हेलो जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सिविल सर्जन डा. विजय दहिया ने जिलावासियों के सवालों के जवाब दिए। अधिकांश सवाल कोरोना से जुड़े हुए आए। इस दौरान डा. दहिया ने वैक्सीनेशन से जुड़ी आशंकाओं को दूर किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोरोना महामारी को हल्के से न लें। वैक्सीनेशन करवाएं और बचाव के लिए सरकार की गाइड लाइन का पालन करें। इस तरह हुए सवाल-जवाब :-

सवाल : मेरे पिता को पेसमेकर लगा हुआ है उनको कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन करा सकते हैं। जतिन, साढौरा। जवाब : जी हां बिल्कुल करा सकते हैं। वैक्सीनेशन करवाने में कोई दिक्कत नहीं है। सवाल : मुझे डेढ़ माह पहले कोरोना हुआ था। क्या मैं इंजेक्शन लगवा सकता हूं। प्रदीप कुमार, गीता मंदिर के निकट

जवाब : जी हां, आप बिल्कुल वैक्सीनेशन करा सकते हो। सवाल : खनन जोन में बाहरी राज्यों से वाहन आ जा रहे हैं। ऐसे में कोरोना की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। एडवोकेट वरयाम सिंह गुमथला, रामवीर सिंह चौहान, प्रदेश मंत्री, भाकिसं। जवाब : आपका सवाल वाजिब है। इस संदर्भ में प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करा दिया जाएगा। सवाल : 40 वर्ष से ऊपर के लोग क्या खाएं जिससे शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाए। दीपाली धीमान, यमुनानगर।

जवाब : शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए फल व सब्जियों का अधिक सेवन करें। जंक फूड से बचें। यदि अंडा मीट खा सकते हैं तो अवश्य लें। ब्रेकफास्ट हैवी लें। लंच और डिनर भी समय पर करें। हल्दी, तुलसी, अदरक व लेमन का प्रयोग लाभकारी होगा। सवाल : कोविड से बचाव के लिए इंजेक्शन लगवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। शिवम कुमार, साढौरा। जवाब : 18 प्लस उम्र के लोगों को इंजेक्शन लगवाने की प्रक्रिया बिल्कुल सरल है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाएं। अपॉइंटमेंट मिलने के बाद वैक्सीनेशन करवा लें। सवाल : 18 प्लस के उम्र वालों को वैक्सीनेशन करवाई जा रही है, लेकिन स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं है। इशिता कैंप जवाब : नहीं ऐसा नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के पास वैक्सीन का स्टॉक पर्याप्त है। व्यवस्थित तरीके से वैक्सीनेशन की जा रही है। सवाल : बाईपास सर्जरी करवा चुके लोग कोविड से बचाव के लिए वैक्सीनेशन करा सकते हैं। रमेश शर्मा, रूप नगर कॉलोनी। जवाब : जी हां, ऐसे लोगों को तो और भी जरूरी वैक्सीनेशन लगवानी चाहिए। वैक्सीनेशन लगवाने से किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आएगी। सवाल : मैंने तीन दिन पहले वैक्सीन लगवाई थी। अब हल्का बुखार है और जिस जगह पर इंजेक्शन लगा था वहां सूजन है। विधि शर्मा, बैंक कॉलोनी। जवाब : इसमें चिता करने वाली कोई बात नहीं है। वैक्सीनेशन के बाद यह आम बहुत है। पेरासिटामोल की गोली लें।। सवाल : कोरोना से बचाव के लिए किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है। शीतल, यमुनानगर। जवाब : कोरोना से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग करें, शारीरिक दूरी बनाए रखें, बेवजह घर से बाहर न निकलें, हैंड सैनिटाइजर का प्रयोग करें, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें और संतुलित आहार लें। सवाल : मेरी पत्नी अस्थमा रोगी है। वह वैक्सीनेशन करा सकती है। जवाब : जी हां, बिल्कुल वैक्सीनेशन करा सकती है। सवाल : कोरोना से बचाव के लिए को -वैक्सीन लाभकारी है या कोविशील्ड। जवाब : दोनों में कोई अंतर नहीं है। दोनों ही कोरोना से बचाव के लिए लाभकारी हैं। सवाल : क्या हम अपनी मर्जी से कोविशील्ड या को वैक्सीन लगवा सकते हैं। सीए विशाल, हुड्डा सेक्टर 17 जवाब : देखिए दोनों का एक ही काम है। इस बात को लेकर बिल्कुल भी कंफ्यूज न हों। वैक्सीनेशन जरूरी है कोई सी भी करवा लें। सवाल : शरीर में कब तक वैक्सीनेशन का असर रहता है। जवाब : यदि डॉक्यूमेंट के आधार पर बात की जाए तो छह से नौ माह तक शरीर में इसका असर रहता है। लेकिन उसके बाद भी एंटीबॉडी खत्म नहीं होते। सवाल : ऐसे कौन से अस्पताल है जहां कोरोना के अलावा अन्य बीमारियों का भी उपचार करवाया जा सकता है। जवाब : हमने यमुनानगर व जगाधरी में केवल 22 कोविड अस्पताल बनाए हुए हैं। बाकी सभी में नियमित रूप से दूसरी बीमारियों का भी उपचार हो रहा है। प्रेम सागर शर्मा, मीरा मार्केट। सवाल : कोरोना के लेकर तरह-तरह की बातें हो रही है। कोई कहता है कि यह बेवजह भ्रम फैलाया जा रहा है। हरपाल सिंह सुढल। जवाब : यह भ्रम नहीं है बल्कि महामारी है। इसे बिल्कुल भी हल्के में न लें। सरकार की गाइडलाइन की पालना करें। सवाल : जिले में ऑक्सीजन की क्या स्थिति है। बीएस राणा, नाचरौन

जवाब : स्वास्थ्य विभाग के पास ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है। व्यवस्थित तरीके से हर अस्पताल में सप्लाई की जा रही है। सवाल : रेमडेसिवर इंजेक्शन को लेकर मारामारी है। अभिषेक, हुड्डा सेक्टर 17, सुमित कुमार, सरोजनी कॉलोनी, विशाल शर्मा बैंक कालोनी

जवाब : देखिए रेमडेसिवर कोरोना से बचाव के लिए कोई रामबाण नहीं है। बावजूद इसके हमारे पास पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। हर दिन 40 लोगों को यह इंजेक्शन दिया जा रहा है। इसके लिए एक कमेटी बनाई हुई है।

सवाल : कोरोना की रिपोर्ट समय पर नहीं मिल रही है। आशीष मित्तल, जगाधरी। जवाब : कोरोना की रिपोर्ट लेने के लिए अस्पतालों के चक्कर न लगाएं। यह विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध है। सवाल : ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीनेशन नहीं पहुंच रही है। रजिस्ट्रेशन में दिक्कत आ रही है। पिटू राणा जिला अध्यक्ष, विकास राणा, प्रदेश प्रवक्ता भाकिसं। जवाब : वैक्सीनेशन को लेकर पूरी तरह पारदर्शिता बरती जा रही है। गांव या शहर के लिए अलग से कोई व्यवस्था नहीं है बल्कि पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवाएं। अपॉइंटमेंट मिलने के बाद वैक्सीनेशन हो जाएगी। सवाल : मेरे पापा शुगर के मरीज हैं। क्या वह वैक्सीनेशन करा सकते हैं। अरशीत कौर यमुनानगर

जवाब : शुगर के मरीज वैक्सीनेशन करा सकते हैं। यह लाभकारी है। सवाल : एक निजी अस्पताल में मरीज दाखिल है। अस्पताल की ओर से ऑक्सीजन लाने के लिए बोला जा रहा है। मनोज कुमार, हुड्डा सेक्टर 17 जवाब : कोई भी अस्पताल ऑक्सीजन लाने के लिए नहीं कह सकता। यदि ऐसा है तो कार्रवाई की जाएगी। सभी अस्पतालों को व्यवस्थित तरीके से ऑक्सीजन उपलब्ध करवाई जा रही है। सवाल : 29 अप्रैल को वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। अभी तक अप्वाइंटमेंट नहीं मिली है। रोबिन अग्रवाल, बिलासपुर, सर्वजीत कांसापुर रोड। जवाब : देखिए यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है। इसमें किसी भी तरह का भाई भतीजावाद नहीं हो सकता। सवाल : ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीनेशन धीमा हो रहा है। क्या जनप्रतिनिधियों के लिए अलग से कोई व्यवस्था है। नरेंद्र राणा, तिगरा

जवाब : 18 प्लस उम्र वालों के लिए वैक्सीनेशन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवाएं। अपॉइंटमेंट मिलने पर वैक्सीनेशन हो जाएगा। सवाल : सेंटर पर वैक्सीन की डोज बच जाती है। कुछ लोग अप्वाइंटमेंट करवाने के बाद मौके पर नहीं पहुंच पाते। ऐसे में उन लोगों को वैक्सीनेशन लग जानी चाहिए जो मौके पर मौजूद रहते हैं। जसवंत , रादौर

जवाब : जिन लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है और अप्वाइंटमेंट भी मिल चुकी है उनको टीका लगवाने के लिए अवश्य पहुंचना चाहिए। यह बचाव के लिए जरूरी है। सवाल : क्या वैक्सीनेशन के बाद एल्कोहल का प्रयोग किया जा सकता है। तनिष्का जवाब : देखिए वैक्सीनेशन के बाद एल्कोहल का प्रयोग किया जा सकता है, लेकिन यह स्वास्थ्य के लिए लाभदायक नहीं है। एल्कोहल शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम करता है, जबकि हम रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए इंजेक्शन लगवा रहे हैं। सवाल : कोरोना से बचाव के लिए किस तरह के सैनिटाइजर का प्रयोग किया जाए। शिवि, कनालसी

जवाब : यह सुनिश्चित कर लें कि जो सैनिटाइजर हम प्रयोग कर रहे हैं। उसमें 70 फीसद एल्कोहल है या नहीं। यदि 70 फीसद एल्कोहल है तो वही सैनिटाइजर प्रयोग करें। सवाल : कोरोना से बचाव के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए जाने जरूरी हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर लोग सहायता ले सकें। अंकुर जैन, उद्योगपति व समाजसेवी।

जवाब : विभिन्न माध्यमों से हेल्पलाइन नंबर जारी किए हुए हैं। जरूरत पड़ने पर आप विभाग के डीएचओ को भी कॉल कर सकते हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.