विभाकर प्लाईवुड फैक्ट्री से 11 लाख रुपये चोरी
चूहडपुर मलकपुर खादर एरिया में विभाकर प्लाईवुड फैक्ट्री से 11 लाख रुपये चोरी हो गए। कैशियर रणधीर सिंह ने जब केबिन में दराज खोलकर देखा तो पैसे गायब मिले। इससे हड़कंप मच गया। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
चूहडपुर मलकपुर खादर एरिया में विभाकर प्लाईवुड फैक्ट्री से 11 लाख रुपये चोरी हो गए। कैशियर रणधीर सिंह ने जब केबिन में दराज खोलकर देखा, तो पैसे गायब मिले। इससे हड़कंप मच गया। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। फैक्ट्री के मालिक बाहर रहते हैं। यहां पर उन्होंने कैशियर रणधीर सिंह को देखरेख के लिए रखा हुआ था। सीआइए की टीम भी फैक्ट्री में पहुंची और सबूत जुटाए।
बताया जा रहा है कि विभाकर प्लाईवुड फैक्ट्री का संचालन पूना निवासी कुलजिद्र, सूरज, भगत व नरेश पार्टनरशिप में करते हैं। पहले वह सेक्टर 17 में रहते थे, लेकिन अब काफी दिनों से वह पूना चले गए थे। उनके पीछे फैक्ट्री का कार्य कैशियर रणधीर सिंह देखता है। उनके अलावा मॉडल टाउन के राहुल व पुराना हमीदा के रोहित को भी देखरेख के लिए रखा हुआ था। बुधवार की शाम को रणधीर सिंह 11 लाख रुपये केबिन में मेज की दराज में रखकर चला गया। केबिन का भी ताला लगा दिया था। उसे बृहस्पतिवार को पेमेंट देनी थी। शाम को वह फैक्ट्री में पहुंचा। यहां पर केबिन का ताला खोलकर अंदर देखा, तो मेज की दराज टूटी मिली। उसमें रखे 11 लाख रुपये भी गायब मिले। इस केबिन में ही पीछे की ओर खिड़की लगी हुई थी। वह भी खुली हुई मिली। अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसी खिड़की के रास्ते चोर निकले हैं। छछरौली थाना प्रभारी रामकुमार ने बताया कि चोरी की सूचना पर गए थे। अभी मौका मुआयना किया है। छानबीन की जा रही है।