डेढ साल पहले सीवरेज के लिए खोदी सड़क की नही ली सुध
नानक नगर में डेढ साल पहले सीवरेज लाइन दबाने के लिए इंटरलोकिग टाइलों से बनी सड़क उखाड़ी गई। अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। खामियाजा कॉलोनीवासियों को भुगतना पड़ रहा है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर: फर्कपुर के नानक नगर में डेढ साल पहले सीवरेज लाइन दबाने के लिए इंटरलोकिग टाइलों से बनी सड़क उखाड़ी गई। अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। खामियाजा कॉलोनीवासियों को भुगतना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि इस बारे नगर निगम कार्यालय, पार्षद व विधायक को कई बार शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद समस्या ज्यों की त्यों है। आलम यह है कि हल्की बारिश में गली में कीचड़ जमा हो जाता है। जिसमें से गुजरना मुश्किल हो जाता है। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। दोपहिया वाहनों के फिसलने के कारण दुर्घटना होने का अंदेशा रहता है। फोटो: 21
कॉलोनी वासी कमलेश प्रसाद का कहना है कि चुनाव के समय सभी नेता घर-घर चक्कर काटते हैं। समस्याओं का हल कराने का आश्वासन देते हैं, लेकिन चुनाव होने के बाद सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं मिलता। इससे मतदाता स्वयं को ठगा सा महसूस करते हैं। सीवरेज डालने के लिए टाइलें उखाड़ने से पहले मरम्मत किए जाने का प्रबंधन करना चाहिए था। फोटो:22
नीटू ने कहा कि बारिश के कारण कीचड़ होने से बच्चे स्कूल नहीं जा पाते। मजबूरन अभिभावक बच्चों को गोद में उठाकर स्कूल तक छोड़ने जाते हैं। छुट्टी के समय बारिश होने पर समस्या ज्यादा बढ़ जाती है। अभिभावकों को बच्चों को घर लाने की चिता रहती है। कई बार स्कूल जाते समय कीचड़ में धंसने से बच्चों की वर्दी गंदी हो जाती है। उन्हें वर्दी बदलने के लिए घर लौटना पड़ता है। फोटो: 22ए
नीलकंठ ने कहा कि कॉलोनी नगर निगम की हदूद में है, लेकिन सुविधाएं नाममात्र की। बारिश के समय कोई रिश्तेदार घर आ जाए, तो शर्मिंदगी महसूस होती है। कॉलोनीवासियों को तो हालत के बारे में जानकारी है, बाहर से आने वाले अकसर फिसल जाते हैं या कीचड़ में धंस जाते हैं। जनप्रतिनिधियों व संबंधित अधिकारियों को समस्या का शीघ्र समाधान करना चाहिए, नहीं तो कॉलोनीवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है। हल नहीं होने पर वह उच्चाधिकारियों को शिकायत करेंगे।