मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाशों का रिमांड पूरा, अब रादौर पुलिस ने लिया एक दिन के प्रोडक्शन रिमांड पर
अब इन तीनों बदमाशों को रादौर पुलिस ने रणजौर पर गोली चलाने के मामले में एक दिन की प्रोडक्शन रिमांड पर लिया है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
रादौर में क्रांति चौक पर रणजौर सिंह को गोली मारकर भाग रहे पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए तीनों बदमाशों का रिमांड सोमवार को पूरा हो गया। उन्हें सीआइए वन ने तीन दिन के रिमांड पर लिया था। अब इन तीनों बदमाशों को रादौर पुलिस ने रणजौर पर गोली चलाने के मामले में एक दिन की प्रोडक्शन रिमांड पर लिया है।
पांच जून को अलाहर निवासी अंशुल, संधाला निवासी रजत व सिलिकलां के यूनिक को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। इनमें से अंशुल हत्या के प्रयास में सजायाफ्ता है। वह पैरोल पर आया था। उसने ही रणजौर को गोली मारी। यहां से भागते हुए अंशुल व यूनिक को उन्हें जठलाना थाना एरिया में सीआइए वन की टीम ने गिरफ्तार कर लिया था। जबकि रजत संधाला में गन्ने के खेतों में घुस गया। उसने पुलिस पर फायरिग की। जवाबी फायरिग में पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि अंशुल ने यह पिस्टल उप्र के मुजफ्फरनगर से खरीदा था।