रिश्तेदारों ने भी आना छोड़ दिया, सीवरेज लाइन ठीक करवाओ साहब
एसडीओ साहब सीवरेज का पानी गलियों में खड़ा हुआ है। एक साल से अधिक समय से समस्या आ रही है। अब रिश्तेदार भी घर आना जाना छोड़ चुके है। गंदे पानी के कारण बीमारियां भी बढ़ रही है घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है लेकिन समाधान नहीं हो रहा है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो कालोनी के लोग आपके कार्यालय के बाहर डेरा लगा लेंगे और स्थाई समाधान होने तक यहीं रहेंगे।

संवाद सहयोगी, रादौर : एसडीओ साहब सीवरेज का पानी गलियों में खड़ा हुआ है। एक साल से अधिक समय से समस्या आ रही है। अब रिश्तेदार भी घर आना जाना छोड़ चुके है। गंदे पानी के कारण बीमारियां भी बढ़ रही है, घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है, लेकिन समाधान नहीं हो रहा है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो कालोनी के लोग आपके कार्यालय के बाहर डेरा लगा लेंगे और स्थाई समाधान होने तक यहीं रहेंगे। यह कहना था एसके रोड़ से साथ लगती विश्वकर्मा कालोनी, दीपक कालोनी व वीआईपी कालोनी में रहने वाले लोगों का। जो सीवरेज जाम की समस्या को लेकर गुरुवार को जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ रवि नायक से मिले। उन्होंने अपनी समस्या को उनके समक्ष रखते हुए विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर रोष जताया। साथ ही जल्द ही समाधान न होने पर गांधीगिरी से आंदोलन की चेतावनी दी। एसडीओ ने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या को स्थाई समाधान करवा दिया जाएगा। जिस पर लोग कार्यालय से लौटे। कालोनी निवासी प्रवीन बबली, राजिद्र, शीशपाल, संदीप, अनूप, मतलेश, आरती, कमलेश, पिकी, सत्या, ईशरो देवी, रीटा, मायाराम, सोनू व शैंटी ने कहा कि विश्वकर्मा कालोनी, दीपक कालोनी व वीआईपी कालोनी में लंबे समय से सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। जिससे सारा गंदा पानी गलियों में जमा हो जाता है। इसी गंदे पानी में मच्छर पनपते है वहीं गंदी बदबू भी गली में बनी रहती है। जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। पैदल चलने वाले लोगों का यहां से गुजरना भी मुश्किल हो रहा है। गंदे पानी से गुजरने के कारण चर्म रोग लोगों को हो रहे है। मकानों व दुकानों की नींवों में भी यह गंदा पानी जा रहा है। जिससे नींव बैठने का खतरा भी है। लोग समस्या के समाधान की मांग कर थक चुके है। करीब एक वर्ष से यही स्थिति है। कुछ दिन समस्या का समाधान होता है तो उसके बाद फिर से यही समस्या खड़ी हो जाती है लेकिन अब उनकी समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं हो पाया है। उनका कहना है कि अगर अब भी विभाग के कर्मचारी नहीं जागे तो कालोनी के लोग कार्यालय में ही स्थाई रूप से डेरा लगा लेंगे और जब तक वहां से नहीं उठेंगे जब तक उनकी समस्या का स्थाई समाधान नहीं होता।
समस्या के स्थाई समाधान का कर रहे है प्रयास-रवि नायक
एसडीओ रवि नायक ने बताया कि बारिश में पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारियों ने मेनहाल तोड़ कर उसमें सड़क का पानी डाल दिया था। जिस कारण यह समस्या गंभीर हुई है। लेकिन अब सभी ठीक करवा दिए गए है। कल से सीवरेज के मेनहाल की सफाई का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने उच्चाधिकारियों से भी इस समस्या को लेकर विचार विमर्श किया है। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द इसका स्थाई समाधान किया जाए।
Edited By Jagran