मेगा मार्ट में बेचा जा रहा रेडीमेड गारमेंट, केस दर्ज
जगाधरी के एक मेगा मार्ट में रेडीमेड गारमेंट बेचे जाने पर पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव आशीष मित्तल की ओर से विशाल मेगा मार्ट के खिलाफ शिकायत दी गई। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विशाल मेगा मार्ट के मैनेजरों पर लॉकडाउन के उल्लंघन का केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : लॉकडाउन में शहर के एक मेगा मार्ट में रेडीमेड गारमेंट बेचे जाने पर पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव आशीष मित्तल की ओर से मेगा मार्ट के खिलाफ शिकायत दी गई। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मार्ट के मैनेजरों पर लॉकडाउन के उल्लंघन का केस दर्ज किया है। पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को आशीष मित्तल की ओर से शिकायत दी गई थी। इसमें कहा गया था कि उक्त मेगा मार्ट जगाधरी में खाने-पीने के सामान को बेचने की अनुमति ली गई। उसकी आड़ में सभी तरह के गारमेंट, होजरी, मनियारी का सामान बेचा जा रहा है। इस पर एसआइ विजय विवेक, मुख्य सिपाही इरशाद अली ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो शिकायत सही मिली। इस पर केस दर्ज कर किया गया।