जनता को समर्पित करोड़ों रुपये की परियोजनाएं : अरोड़ा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में चार वर्षों के शासनकाल में करोड़ों रुपये की राशि से बड़ी परियोजनाएं पूर्ण हुई हैं। कई बड़ी परियोजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में चार वर्षों के शासनकाल में करोड़ों रुपये की राशि से बड़ी परियोजनाएं पूर्ण हुई हैं। कई बड़ी परियोजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उपायुक्त गिरीश अरोड़ा ने बताया कि वर्ष 2018 में यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान यमुनानगर में 5 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि से नये भवन का निर्माण किया गया। तेजली खेल परिसर में फैसिलिटेशन सेंटर पर दो करोड़ 80 लाख रुपये और मल्टीपर्पज हाल पर एक करोड़ 73 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है। जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी कार्यालय यमुनानगर में 9 लाख 56 हजार रुपये की राशि से मीडिया सेंटर स्थापित किया गया है।
जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में खिजराबाद में नए बस स्टैंड का निर्माण कार्य प्रगति पर है। नेशनल हाई-वे 73ए पर जगाधरी के गांव ऊधमगढ़ के नजदीक से अंबाला-जगाधरी मार्ग पर गांव कैल तक दादूपुर-नलवी नहर के साथ-साथ सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण हुआ है। राजकीय महाविद्यालय रादौर के भवन का निर्माण कार्य वर्ष 2018 में शुरू किया गया। रादौर में लगभग 5 एकड़ भूमि पर एक करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से खेल-कूद परिसर का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसी वर्ष रादौर में लगभग 2 एकड़ भूमि पर एक करोड़ 67 लाख 26 हजार रुपये की राशि से नए बस स्टैंड का निर्माण किया गया है। रादौर विधानसभा के गांव नाचरौन में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बनाया जा रहा है। साढौरा में राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर के भवन का निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। तलाकौर में स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।