ओमिक्रोन के मरीज मिलने पर हरकत आई पुलिस, देर रात खुली दुकानें बंद कराई
जिले में एक ही दिन में तीन मरीजों में ओमिक्रोन का संक्रमण मिलने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। रात्रि कर्फ्यू को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : जिले में एक ही दिन में तीन मरीजों में ओमिक्रोन का संक्रमण मिलने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। रात्रि कर्फ्यू को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसके तहत ही सोमवार की रात को शहर यमुनानगर थाना पुलिस ने शहर में गश्त की। इस दौरान माडल टाउन में अधिकतर दुकानें रात 11 बजे तक खुली हुई थी। जिन्हें पुलिस ने बंद कराया। साथ ही दुकान व रेस्टोरेंट संचालकों को कोविड नियमों का पालन करने की चेतावनी दी। इस दौरान कुछ युवकों से पुलिस की तीखी बहस भी हुई।
कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए सरकार ने रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगाया हुआ है। हालांकि अभी भी लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। शहर के पाश एरिया माडल टाउन में रात 11 बजे तक दुकानें खुली रहती है। जिसकी ओर से पुलिस भी ध्यान नहीं दे रही थी। सोमवार को जिले में ओमिक्रोन के मरीज मिलने के बाद डीसी पार्थ गुप्ता ने अधिकारियों के साथ बैठक की थी और रात्रि कर्फ्यू का पालन कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद ही पुलिस हरकत में आई है।
सड़क पर खड़े युवकों ने पुलिस से की बहस
रात्रि कर्फ्यू का पालन कराने को लेकर शहर यमुनानगर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह पुलिस टीम के गश्त पर निकले। इस दौरान यमुना क्लब के सामने दो युवक खड़े हुए थे। थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने उनसे घर जाने के लिए कहा। जिस पर एक युवक ने कहा कि उनका घर पास ही है। वह चले जाएंगे। थाना प्रभारी ने उन्हें रात्रि कर्फ्यू लगा होने की बात कही। इस पर युवक ने कह दिया कि अभी 11 नहीं बजे हैं। इस दौरान पुलिस के साथ उसकी बहस हो गई। बाद में युवक के स्वजन वहां पर पहुंचे। तब दुकान बंद हुई। रात को पुलिस की सख्ती देखकर कई दुकानदारों ने खुद ही प्रतिष्ठानों के शटर बंद कर दिए। झगड़ रहे दो युवकों को लिया हिरासत में
यमुना क्लब के पास ही शराब ठेका भी रात 11 बजे तक खुला हुआ था। जिस समय पुलिस पहुंची। यहां शराब ठेके सामने दो पक्षों के बीच झगड़ा हो रहा था। इस दौरान कुछ महिलाएं भी थी। काफी देर तक बहस होती रही। पुलिस ने उन्हें समझाया भी, लेकिन दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया। जिस पर पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया और थाने ले गए। इसके बाद पुलिस ने माडल टाउन में गश्त की। जहां पर कुछ रेस्टोरेंट 11 बजे के बाद भी खुले हुए थे। पुलिस ने सभी रेस्टोरेंट व दुकानों को बंद कराया और समय पर बंद करने की चेतावनी दी। इस दौरान कुछ लोग सड़क पर गाड़ी में बैठे हुए थे, पुलिस ने उन्हें भी फटकारकर वहां से भगाया।