आरसी फर्जीवाड़ा : आपरेटर अमित फिर तीन दिन के रिमांड पर
आरसी फर्जीवाड़ा में गिरफ्तार किए गए कंप्यूटर आपरेटर अमित की रिमांड पूरी होने के बाद उसे फिर से तीन दिन केरिमांड पर लिया गया है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
आरसी फर्जीवाड़ा में गिरफ्तार किए गए कंप्यूटर आपरेटर अमित को एक बार फिर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। पुलिस ने तर्क दिया कि आरोपित से पासपोर्ट जब्त करना है। वह पद पर रहते हुए कई बार विदेश गया। अब यह भी पता लगाया जाएगा कि विदेश यात्रा के लिए उसके पास पैसा कहां से आया। वहीं रोहतक निवासी सुनील चिटकारा को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। मामले की जांच कर रही एसआइटी के सामने कुछ और नाम आए हैं। अब उनसे भी एसआइटी पूछताछ करेगी। इसमें कुछ और कर्मियों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।
आरसी फर्जीवाड़े में जगाधरी एसडीएम की ओर से सेक्टर 17 थाने में केस दर्ज कराया गया था। इसमें कंप्यूटर आपरेटर अमित के साथ तीन अन्य कर्मियों शुभम, गगनदीप व कुनाल पर केस दर्ज हुआ था। वहीं एक अन्य केस बिलासपुर थाने में एसडीएम की ओर से अमित के खिलाफ दर्ज कराया गया था। इन केसों में अब तक चार गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले की जांच कर रही एसआइटी ने एमआरसी राजेंद्र डांगी, संजीव, आपरेटर अमित व डीलर सुनील को गिरफ्तार किया था। इनमें से राजेंद्र डांगी, संजीव व सुनील चिटकारा को जेल भेजा जा चुका है। एक बार फिर बढ़ा अमित का रिमांड
इस फर्जीवाड़े का मुख्य आरोपित कंप्यूटर ऑपरेटर अमित को ही माना जा रहा है। यही वजह है कि पहले उसे सिरसा पुलिस ने करीब दस दिन तक के रिमांड पर रखा। फिर उसे यमुनानगर एसआइटी रिमांड पर लेकर आई। तीन बार उसे रिमांड पर लिया जा चुका है। सोमवार को उसका रिमांड पूरा होने पर कोर्ट में पेश किया गया। यहां से फिर उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। अभी एसआइटी उससे इस केस से जुड़े और दस्तावेज जुटाने की बात कह रही है। अभी तक एसआइटी चार आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन जिन गाड़ियों के फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। वह अभी तक बरामद नहीं हो सकी।