शादी से एक दिन पहले किया इंकार, महिला ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया
तलाकशुदा महिला पुरुष एक एक दूसरे से शादी करना चाहते थे।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : तलाकशुदा महिला पुरुष एक एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। परंतु शादी से एक दिन पहले व्यक्ति ने उससे शादी करने से मना कर दिया। जिस पर महिला ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया। वहीं जिस युवती ने दोनों का रिश्ता कराया था उसके खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
शहर निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पहले पति से तलाक हो गया था। तलाक के बाद वह मायके रहने लगी थी। इसी दौरान आजाद नगर निवासी युवती ने उससे कहा कि उसकी रिश्तेदारी में एक युवक है। वह भी तलाकशुदा है। वह उसके साथ शादी कर ले। वह उसकी बातों में आ गई। युवती ने उसे ईस्ट भाटिया नगर निवासी कमलप्रीत से मिलाया। कमलप्रीत उससे शादी करने को राजी हो गया। पीड़िता ने बताया कि शादी से पहले वे दोनों एक दूसरे से मिलने लगे। आरोप है कि इस दौरान शादी का झांसा देकर कमलप्रीत ने कई बार उससे शारीरिक संबंध बनाए। कुछ दिन पहले उनकी शादी होने वाली थी परंतु कमलप्रीत ने शादी से एक दिन पहले ही उसको इंकार कर दिया। उसने इस बारे में कमलप्रीत से बात की लेकिन वह शादी को तैयार नहीं हुआ और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़िता ने आरोपित के बारे में एसपी को शिकायत दी। एसपी ने महिला थाना पुलिस को आरोपित के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए।
मामले की जांच कर रही एएसआइ मीना ने बताया कि कमलप्रीत ने शादी से एक दिन पहले इंकार किया था। पीड़िता की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच में में जो भी सामने आएगा उसके आधार पर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।