संगीत से तनाव मुक्ति व चिर स्थिरता मिलती है : सुचिता शर्मा
पंचायत भवन में विश्वास संगीत समिति की ओर से चार दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ हवन यज्ञ के साथ किया गया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
पंचायत भवन में विश्वास संगीत समिति की ओर से चार दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ हवन यज्ञ के साथ किया गया। 108 मंत्रों से आहुति दी गई। मुख्य अतिथि के रूप में कुरुक्षेत्र युनिवर्सिटी से संगीत विभाग की चेयरपर्सन सुचिता शर्मा पहुंची। पहले दिन 60 बच्चों ने प्रस्तुतियां दी।
सबसे पहले प्रणव कुमार ने राग बसंत में प्रस्तुति दी। आयोजक विमल कश्यप ने बताया कि संस्था की ओर से तृतीय अखिल भारतीय विश्वास संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रथम दिन जुनियर विग के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने तबला, बांसुरी, गजल, संतूर, वॉयलन, हारमोनियम पर प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि सुचिता शर्मा ने कहा कि संगीत के इस प्रकार के कार्यक्रम तनाव मुक्ति व चित स्थिर करने में मदद करते हैं। ध्यान शिविरों में भी अन्य साधनों के अतिरिक्त संगीत को माध्यम बनाया जाता है। आज के दौर में युवा वर्ग में शास्त्रीय संगीत के प्रति रूचि कम होती जा रही है। विश्वास संगीत समिति इस दिशा में अच्छा प्रयास कर रही है। इस प्रकार के आयोजनों की जरूरत है। इस मौके पर डॉ. अंबिका कश्यप, डॉ. कंवल नयन कपूर, आइपी आनंद, इंदू गर्ग, मीनाक्षी कांबोज, अंजू गांधी, नरेंद्र किशोर, दिनेश कश्यप, तनुश्री, मंजू जैन, गीता शर्मा, विपलव गांधी, राजेंद्र शर्मा, मनप्रीत कौर, मनीषा वर्मा भी मौजूद रहे।