Move to Jagran APP

निकासी पर सख्त नगर निगम, नालों पर अवैध कब्जा करने वालों को जारी होंगे नोटिस

थोड़ी सी बारिश होते ही जल भराव की स्थिति पैदा होती है। घरों में पानी घुस जाता है।

By JagranEdited By: Published: Mon, 04 May 2020 04:19 AM (IST)Updated: Mon, 04 May 2020 06:13 AM (IST)
निकासी पर सख्त नगर निगम, नालों पर अवैध कब्जा करने वालों को जारी होंगे नोटिस
निकासी पर सख्त नगर निगम, नालों पर अवैध कब्जा करने वालों को जारी होंगे नोटिस

जागरण संवाददाता, यमुनानगर :

loksabha election banner

मानसून सीजन नजदीक है। कोरोना की लड़ाई लड़ रहे नगर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करना भी निहायत जरूरी है। क्योंकि ट्विन सिटी में पानी निकासी पर हर साल सवाल उठते हैं। थोड़ी सी बारिश होते ही जल भराव की स्थिति पैदा होती है। घरों में पानी घुस जाता है। इसके अलावा लॉकडाउन के कारण विकास कार्य रुके हैं। ठेकेदार शर्तों का पालन न कर पाने के कारण काम शुरू नहीं कर रहे हैं। निगम से जुड़े ऐसे तमाम सवालों को लेकर दैनिक जागरण संवाददाता संजीव कांबोज ने नगर निगम कमिश्नर धर्मवीर सिंह से बातचीत की। बातचीत के अंश इस प्रकार हैं:- सवाल : कोरोना वायरस से बचाव को लेकर नगर निगम स्तर पर क्या प्रयास किए जा रहे हैं? छिड़काव के लिए दवाई की उपलब्धता की क्या स्थिति है?

जवाब : दमकल की गाड़ियों के अलावा ट्रैक्टर माउंटेड मशीन और हाथ के स्प्रे पंपों के माध्यम से हमारे कर्मचारी सभी सार्वजनिक स्थलों, पार्क व गलियों को सैनिटाइज करने में जुटे हुए हैं। इस मामले में किसी तरह की कोई कोताही नहीं बरती जा रही है। हमारे पास छिड़काव के लिए सोडियम हाइपोक्लोराइड पर्याप्त मात्रा में है। शेड्यूल बनाकर छिड़काव कराया जा रहा है। सवाल : सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर क्या व्यवस्था की गई है?

जवाब : कोविड-19 से बचाव के लिए हमने सभी कर्मचारियों को सैनिटाइजर, साबुन व मास्क उपलब्ध करवाए हुए हैं। कंटेनमेंट एरिया में सफाई करने वाले कर्मचारियों को पीपीई किट मुहैया करवाई हुई है। सवाल : मानसून सीजन नजदीक है, लेकिन नगर निगम एरिया में निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। बचाव के लिए क्या किया जा रहा है?

जवाब : मैंने स्वयं गत दिनों शहर के मुख्य नालों का निरीक्षण किया था। 100 कर्मचारियों की टीम नालों की सफाई में जुटी हुई है। उन कॉलोनियों में विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है जहां ओवरफ्लो की समस्या है। क्षेत्र के लोगों को चाहिए कि नालों में बोरी-कट्टा, कचरा या अन्य किसी भी तरह का वेस्ट न डालें। सवाल : शहर में कई जगह नालों पर अतिक्रमण किया हुआ है। ऐसे में निकासी बाधित होती है।

जवाब : नालों पर जहां-जहां अतिक्रमण या अवैध कब्जा है, उन जगहों को चिन्हित किया जा रहा है। जिन लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ है, वे स्वयं हटा लें। यदि ऐसा नहीं करते तो नगर निगम की टीम हटाएगी। इसका खर्च अतिक्रमण करने वालों को वहन करना पड़ेगा। सवाल : लॉकडाउन के कारण शहर में सड़कों के निर्माण व पानी की निकासी से संबंधित काम रुके पड़े हैं। कब तक शुरू होने की उम्मीद है?

जवाब : जो काम रुके हुए हैं, उनको जल्दी ही शुरू करवाया जाएगा। सरकार की एडवाइजरी का पालन करते हुए ठेकेदार काम करेंगे। इस बारे सभी को हिदायत दी जा चुकी है। सवाल : गत वर्ष नियमित हुई 69 कॉलोनियों में सड़कों, निकासी व अन्य विकास कार्यों से संबंधित टेंडर लगाए जा चुके हैं, लेकिन आज तक काम शुरू नहीं हुआ।

जवाब : टेंडर लगाए जाने की प्रक्रिया चल रही है। सवाल : शहर में स्ट्रीट लाइटों को लेकर काफी शिकायतें आती रही हैं। मुख्य मार्गों पर भी खराब हैं।

जवाब : स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का टेंडर लगाया हुआ है। हमारा प्रयास रहता है कि खराब हुई लाइटों को समय पर ठीक करवा दिया जाए। शहर की सभी लाइटों को एलईडी में कन्वर्ट किए जाने की योजना है। इस पर काम चल रहा है। बार-बार खराब होने की समस्या भी दूर हो जाएगी और बिजली की खपत भी कम होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.