तलाकशुदा महिला से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म
तलाकशुदा महिला के साथ शादी का झांसा देकर मेहलावाली निवासी
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
तलाकशुदा महिला के साथ शादी का झांसा देकर मेहलावाली निवासी मनोज ने दोस्ती की। उसे नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपित के चाचा ने भी गलत काम किया। इस बारे में शिकायत करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। बाद में पीड़िता ने एसपी को शिकायत दी। पुलिस ने जांच शुरू की, तो आरोपित शादी करने के लिए राजी हुआ और मंदिर में शादी की। अब आरोपित उस पर दूसरों के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। पुलिस ने मामला दर्ज किया।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, 22वर्षीय युवती की शादी वर्ष 2019 में राहुल के साथ हुई थी। यह रिश्ता लंबा नहीं चला। जिसके बाद पंचायती तौर पर युवती का तलाक हो गया। शादी को एक साल से कम हुआ था। इसलिए कोर्ट में भी इसका दावा नहीं डाला जा सका। इस तलाक के बाद से ही महिला अपने मायके में रह रही थी। दिसंबर 2019 में वह पड़ोसी की शादी में गई थी। जब शादी से लौट रही थी, तो मेहलावाली निवासी मनोज कांबोज ने उसका पीछा किया और उस पर शादी का दबाव बनाकर दोस्ती की। जिससे उनकी आपस में बात होने लगी। एक जनवरी 2020 को आरोपित ने उसे जगाधरी में ईजी डे के पास मिलने के लिए बुलाया। जब वह उससे मिलने गई, तो वहां पर मनोज व उसके परिवार के अन्य लोग मिले। आरोपितों ने उसे कार में बिठा लिया और सेक्टर 18 में अपने चाचा के मकान पर लेकर गया। वहां उसे कोल्डड्रिक में नशीला पदार्थ दिया। आरोप है कि यहां पर मनोज व उसके चाचा ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई। किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इस तरह से आरोपित उससे संबंध बनाता रहा। बाद में पीड़िता ने परेशान होकर एसपी को शिकायत दी। वहां से जांच शुरू हुई, तो पुलिस ने आरोपितों को बुलाया। पुलिस के सामने आरोपित ने महिला से शादी करने के लिए हामी भर ली और खेड़ा मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद उसे अपने घर ले गए। वहां पर आरोपित उसके साथ बुरा व्यवहार करने लगे और उसे घर से निकाल दिया। वह मनोज के साथ किराये के मकान में रही। बाद में आरोपित मनोज उस पर दूसरों के साथ गलत काम करने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर आरोपित ने उसके साथ मारपीट कर घायल किया।