हक के लिए गरजे कर्मचारी, सीएम के नाम डीसी को सौंपा ज्ञापन
संघ से जुड़ी ग्रामीण ट्यूबवैल ऑपरेटर यूनियन ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन पेपर मिल मजदूर यूनियन भवन निर्माण कामगार ने जिला सचिवालय पर प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, जगाधरी :
भारतीय मजदूर संघ से जुड़े ग्रामीण ट्यूबवेल ऑपरेटर यूनियन, ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन, पेपर मिल मजदूर यूनियन, भवन निर्माण कामगार ने जिला सचिवालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकारी विरोधी नारेबाजी की। साथ ही उन्होंने मांगों को लेकर सीएम के नाम जिला उपायुक्त मुकुल कुमार को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व जिला प्रधान रोशन लाल शर्मा कर रहे थे। इस दौरान सुरक्षा के लिए लघुसचिवालय में पुलिस बल तैनात किया हुआ था। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार उनको बर्बाद करने पर तुली हुई है। आठ घंटे की ड्यूटी की जगह 12 घंटे की ड्यूटी ली जा रही है। ये ठीक नहीं है। इसमें तुंरत सुधार होना चाहिए। ये हैं कर्मचारियों की मुख्य मांगे :
शर्मा ने कहा कि निजीकरण को बंद किया जाए। कर्मचारियों को कैशलेस मेडिकल सुविधा, समान काम समान वेतन, कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। ठेकेदारी प्रथा बंद करने को लेकर सरकार जगाओ अभियान चलाया गया है। मजदूरों के विरुद्ध जो काले कानून बनाए गए हैं, उन्हें तुरंत प्रभाव से रद किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी दिन रात कड़ी मेहनत के साथ ड्यूटी कर रहे हैं। उसके बाद भी उनके साथ अनदेखी हो रही है। यह तरीका बिलकुल भी ठीक नहीं है। कर्मचारी का मनोबल बढ़ाने के लिए काम किया जाना है। ऐसा होने पर काम समय के साथ साथ अच्छा होगा। कर्मचारियों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव सहन नहीं किया जाएगा। संघ कर्मचारियों के हितों के लिए हमेशा साथ है। ये रहे मौके पर
भारतीय मजदूर संघ के जिला संगठन मंत्री राजेंद्र कुमार, पेपर मिल प्रधान अशोक कुमार, ग्रामीण ट्यूबवेल ऑपरेटर यूनियन महासचिव शिवदयाल, ग्रामीण सफाई कर्मचारी प्रधान राजेश कुमार, महासचिव बालक राम, भवन निर्माण कामगार यूनियन प्रधान कर्म सिंह, करनैल सिंह व मंगत राम मौजूद रहे।