दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकाला
शादी में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को प्रताड़ित किया।
जागरण संवाददता, यमुनानगर : शादी में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति समेत आधा दर्जन लोगों पर केस दर्ज किया है। राजा गार्डन निवासी प्रियंका ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी अप्रैल 2018 में दामला निवासी लेखराज से हुई थी। शादी में उसके मायके वालों ने हर प्रकार कर जरूरी सामान दिया था परंतु ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे। वे दहेज के लिए उसे ताने मारने लगे। कई बार उसके साथ मारपीट की गई। यह बात उसने अपने मायके वालों को बताई। इस दौरान कई बार दोनों पक्षों की बातचीत भी हुई लेकिन आरोपितों की हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया। आरोप है कि कुछ दिन पहले दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। वह मायके पहुंची और ससुराल वालों के खिलाफ थाने में शिकायत दी। पुलिस ने उसके पति लेखराज, ससुर धर्मपाल, सास फूलवती, सेक्टर-17 निवासी सतपाल, उत्तर प्रदेश के नोएडा के ब्लॉक-बी निवासी राजिद्र व गुलशन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया। मामले की जांच कर रही एएसआइ बलजीत कौर ने बताया कि आरोपित सुसराल वालों पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच चल रही है।