घर की तरह शहर भी है अपना, इसे साफ सुथरा रखने की सभी निभाए जिम्मेवारी: मेयर
नगर निगम द्वारा खुले में कूड़ा डालने वालों को रोकने के लिए कचरा प्वाइंट खत्म किए जा रहे हैं। नगर निगम द्वारा जीएनजी कॉलेज मधु पेट्रोल पंप व सुविधा मॉल के समक्ष बने कचरा प्वाइंट समेत कई प्वाइंटों को खत्म कर दिया गया है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : नगर निगम द्वारा खुले में कूड़ा डालने वालों को रोकने के लिए कचरा प्वाइंट खत्म किए जा रहे हैं। नगर निगम द्वारा जीएनजी कॉलेज, मधु पेट्रोल पंप व सुविधा मॉल के समक्ष बने कचरा प्वाइंट समेत कई प्वाइंटों को खत्म कर दिया गया है। सुविधा मॉल के सामने कचरा प्वाइंट खत्म कर शांति फाउंडेशन संस्था ने यहां पर घर पर बने सामान की प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉल के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छता व कोरोना महामारी के प्रति जागरूक किया गया। नगर निगम मेयर मदन चौहान व कार्यकारी अधिकारी अरूण कुमार ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। संस्था की संस्थापक प्रिया अरोड़ा ने प्रदर्शनी में लगाए स्टॉल के बारे में मेयर चौहान व निगम अधिकारियों को जानकारी दी। प्रदर्शनी में घर में बने सामान, विभिन्न कलाकृतियों, लकड़ी से बने सामान का प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शहरवासियों को कोरोना व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। मेयर चौहान ने कहा कि घर की तरह शहर भी अपना है और इसे साफ-सुथरा रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है। अपने शहर को सुंदर व स्वच्छ रखने के लिए सभी को जिम्मेदार नागरिक बनने की जरूरत है। इसलिए हम संकल्प ले कि हम शहर को स्वच्छ रखने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। शहर की सुंदरता से अपनी भी साख बढ़ेगी। इसलिए सड़क पर कचरा न तो हम फेकें और न ही दूसरों को ऐसा करने दें। उन्हें भी स्वच्छता का पाठ भी पढ़ाएं, जिससे भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति भी न कर सकें। साथ ही यह संकल्प भी लेना है कि हरहाल में अपने शहर को सुंदर बनाना है। कार्यकारी अधिकारी अरूण कुमार ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर के ऐसे सभी कचरा प्वाइंट खत्म किए जा रहे है, जो पर लोग खुले में कचरा फेंकते है। इन प्वाइंटों को खत्म कर नगर निगम लोगों को विभिन्न माध्यमों से स्वच्छता का संदेश भी दे रहा है। ताकि लोग अपनी सोच को बदले और खुले में कचरा न डालकर केवल डोर टू डोर कूड़ा ढोने वाले वाहन में ही अपना कचरा डाले। इसके लिए मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन सभी सेनेटरी इंस्पेक्टरों के साथ जुटे हुए है। मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन ने कहा कि शहर के कचरा प्वाइंट खत्म करने का मुख्य उद्देश्य शहर को स्वच्छ बनाना है।