गोलनी से नायब का अपहरण, बेटा पीछा करते पहुंचा, कराया मुक्त
यमुनानगर थाना छप्पर क्षेत्र के गांव गोलनी निवासी नायब सिंह का कार सवार युवकों ने अपहरण कर लिया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
थाना छप्पर क्षेत्र के गांव गोलनी निवासी नायब सिंह का कार सवार युवकों ने अपहरण कर लिया। उसे यमुनानगर में एक मकान में बंधक बना लिया। पीड़ित का बेटा पीछा करते हुए पहुंचा, तो उसने आसपास के लोगों को एकत्र कर नायब सिंह को मुक्त कराया। इसके बाद मामले की पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों पंजाब के लुधियाना निवासी हरजंद व प्रीत को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयोग की गई पंजाब नंबर की कार भी बरामद कर ली गई। बताया जा रहा है कि नायब सिंह का लाजपतनगर निवासी बग्गा के साथ विवाद चल रहा था। दोनों के बीच पैसों के लेन देन का विवाद था। इस दौरान बग्गा अपने चार अन्य साथियों के साथ गांव में पहुंचा। यहां पर उनके घर में जबरन घुसने लगा। जब उसका विरोध किया, तो आरोपित बग्गा ने अपने साथियों के साथ मिलकर नायब सिंह का अपहरण कर लिया। कार में उसे लेकर यमुनानगर आ गए और यहां एक कमरे में बंधक बना लिया। इस दौरान नायब सिंह के बेटे को पता लगा, तो वह भी पीछा करते हुए पहुंच गया। उसने कमरे में पिता को बंधक बने देखा, तो उसने आसपास के लोगों को एकत्र किया और मामले की पुलिस को सूचना दी। जिस पर नायब सिंह को मुक्त कराया गया। पुलिस ने मौके से बग्गा के साथियों प्रीत व हरजंट को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। थाना छप्पर थाना प्रभारी बलराज ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया। दो आरोपित भी गिरफ्तार किए गए हैं। बग्गा पर पहले भी दर्ज हैं कई मामले : आरोपित बग्गा पर पहले भी नशा तस्करी व चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वह पुलिस हिरासत से भी कई बार फरार हो चुका है। उसके केस कोर्ट में विचाराधीन हैं। जमानत पर बाहर आने के बाद वह फिर से चोरी व मारपीट की घटनाओं को अंजाम देने लगा।