सीएचसी व पीएचसी स्तर पर मजबूत होगा बुनियादी ढांचा, तैनात होंगे नए डाक्टर
स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को दूर करने व स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देने के लिए दैनिक जागरण कार्यालय में हेलो जागरण कार्यक्रम हुआ। इसमें सिविल सर्जन डा. विजय कुमार दहिया ने फोन पर जिलावासियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान सीएचसी व पीएचसी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं की लचर व्यवस्था से जुड़े सवालों के साथ-साथ कोविड टीकाकरण बारे भी जानकारी ली गई।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को दूर करने व स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देने के लिए दैनिक जागरण कार्यालय में हेलो जागरण कार्यक्रम हुआ। इसमें सिविल सर्जन डा. विजय कुमार दहिया ने फोन पर जिलावासियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान सीएचसी व पीएचसी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं की लचर व्यवस्था से जुड़े सवालों के साथ-साथ कोविड टीकाकरण बारे भी जानकारी ली गई। डा. दहिया ने स्पष्ट किया कि जल्दी ही सीएचसी व पीएचसी स्तर पर सुविधाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा। अन्य सुविधाओं के साथ-साथ चिकित्सकों की भी व्यवस्था होगी। सवाल : एचआइवी टेस्ट के लिए के लिए जिले में क्या व्यवस्था है? प्रदीप कुमार । जवाब : जिला अस्पताल में एचआइवी टेस्ट की व्यवस्था है। यहां पूरी जानकारी गोपनीय रखी जाती है। कोई भी व्यक्ति अपना टेस्ट करा सकता है। सवाल : पांजुपुर में मेडिकल कालेज बनाया जाना प्रस्तावित है। इसमें किस तरह की सुविधाएं दी जाएंगी। क्या संबंधित गांव के ग्रामीणों को विशेष सुविधा मिलेगी। मनीश कुमार, पांजुपुर
जवाब : देखिए, क्षेत्र में मेडिकल कालेज खुलना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। गांव को विश्व स्तर पर पहचान मिलेगी। क्षेत्र का विकास होगा। निर्माण के लिए सीएम मनोहर लाल जल्दी ही नींव का पत्थर रख सकते हैं। सवाल : इन दिनों खांसी-जुकाम व बुखार का सीजन जोरों पर हैं। बचाव के लिए क्या-क्या एहतियात बरतें? जसवंत राय, सिलीकलां। जवाब : कई दिन से कड़ाके की ठंड है। ऐसे में खांसी-जुकाम व बुखार होना स्वाभाविक सी बात है। यदि किसी को इस तरह के लक्षण हैं तो बच्चों व बुजुर्गों से दूरी बनाए रखें। अपनी मर्जी से दवाई न लें। चिकित्सकों से परामर्शानुसार ही दवाई लें। फ्रीज में रखे खाद्य व पेय पदार्थों से बचाव रखें। सवाल : मेरी उम्र 63 वर्ष के पार है। क्या मेरे लिए बूस्टर डोज सुरक्षित है?
जवाब : कोरोना से बचाव के लिए बूस्टर डोज जरूरी है। यह पूरी तरह सुरक्षित है। निसंकोच बूस्टर डोज लगवाएं। सवाल : कोरोना से बचाव के लिए 24 अगस्त को दूसरा टीका लगवाया था। शरीर पर लाल दाने हो गए हैं। खुजली की भी शिकायत है। भरत सिंह, चाहड़वाला। जवाब : कोरोना से बचाव का टीका लगने के बाद इस तरह के लक्षण नहीं आते। आप एक बार सिविल अस्पताल में चिकित्सक से परामर्श लें। आपकी शिकायत दूर हो जाएगी। सवाल : थैलीसीमिया से पीड़ित बच्चे का दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाना है। राम ध्वज, रादौर। जवाब : माह के हर बुधवार सिविल अस्पताल में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाते हैं। आवश्यक सभी दस्तावेज लेकर पहुंचें। आपको किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। सवाल : सिविल अस्पताल रादौर में एक्सरे व अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधा नहीं है। क्षेत्र के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अमित कुमार, रादौर । जवाब : रादौर के सिविल अस्पताल को अपग्रेड किया जा रहा है। नया भवन बनने के बाद आवश्यक सभी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। सवाल : मेरे भाई ने कोरोना से बचाव का टीका लगवाया था, लेकिन सर्टिफिकेट डाउनलोड नहीं हो पा रहा है। बलवंत सिंह, गुमथला। जवाब : इसके लिए सिविल सर्जन कार्यालय में आकर मिलें या फिर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें। आपकी समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। सवाल : साढौरा के सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। निकासी न होने के कारण यहां जल जमाव रहता है। स्टाफ भी पूरा नहीं है। मनोज कालड़ा, गौरव सरावां, यतिद्र अरोड़ा, सुमित वर्मा साढौरा। जवाब : साढौरा सिविल अस्पताल की नई बिल्डिग के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा हुआ है। जल्दी ही इस तरह की तमाम समस्याएं दूर हो जाएंगी। फिलहाल रिक्त पदों पर चिकित्सक तैनात कर दिए गए हैं। सवाल : छछरौली के सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों की कमी है। क्षेत्र के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। नरेश कुमार, छछरौली। जवाब : नए चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है जल्दी ही छछरौली में नए चिकित्सकों की तैनाती होगी। बच्चों को खांसी-जुकाम व बुखार की शिकायत हैं। योगेश कुमार, छछरौली। जवाब : ठंड अधिक होने के कारण इस तरह की समस्याएं आ रही हैं। बचाव के लिए बच्चों को गर्म पानी की भाप दें। खानपान का विशेष रूप से ख्याल रखें। फास्ट फूड से परहेज करें और चिकित्सकों के परामर्शानुसार ही दवाई दें। सवाल : मेरी उम्र 65 वर्ष है। सांस लेने में दिक्कत आ रही है। ऐसे में क्या करें? सूरजभान, अलीपुरा। जवाब : मौसम में ठंडक अधिक होने के कारण बुजुर्गों में यह समस्या आ जाती है। गर्म पानी की भांप लें। सिविल अस्पताल में एक बार जांच जरूर करा लें। सवाल : मुझे काला पीलिया की शिकायत है। यहां सिविल में उपचार संभव है। सोहन लाल शर्मा, धौलरा। जवाब : जी हां, बिल्कुल। आप किसी भी कार्य दिवस में आइए। आपको दवाई मिलेगी।