पुलिस के प्रति लोगों में विश्वास बढ़ाना ही प्राथमिकता : एसपी हिमांशु गर्ग
नवनियुक्त एसपी हिमांशु गर्ग ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। दोपहर बाद करीब तीन बजे वह यहां पर पहुंचे।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
नवनियुक्त एसपी हिमांशु गर्ग ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। दोपहर बाद करीब तीन बजे वह यहां पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि अभी वह जिले को समझेंगे। जो भी यहां पर पुलिस से संबंधित समस्याएं हैं। उन्हें दूर किया जाएगा। जिले में खनन, ट्रैफिक व ओवरलोड की समस्या के बारे में बताया गया है। इन समस्याओं का समाधान कराना प्रमुखता में रहेगा। ट्रैफिक व्यवस्था दुरस्त करने के लिए जहां जरूरत होगी, वहां पर कार्य कराए जाएंगे। जिससे लोगों को परेशानी न हो।
एसपी हिमांशु गर्ग ने कहा कि सिटिजन सर्विस पर बेहतर जोर दिया जाएगा। जो लोग भी पुलिस के पास शिकायत लेकर जाते हैं। उनकी संतुष्टि हो। महिलाओं से संबंधित शिकायतें तुरंत दर्ज हो। उन पर कार्रवाई में भी समय न लगे। इसके अलावा सीएम विडो की शिकायतों का समय से समाधान हो। इस पर भी जोर रहेगा। बढ़ते साइबर क्राइम पर उन्होंने कहा कि यह किसी विशेष एरिया में नहीं होता। इसको लेकर पुलिस अलर्ट है। यहां भी जो सायबर से जुड़े पुलिसकर्मी हैं। उन्हें विशेष ट्रेनिग दिलवाई जाएगी। जिससे वह भी नई तकनीकों से अवगत हो सके। सायबर में लगे पुलिसकर्मियों की बैठक लेकर उनसे भी आ रही दिक्कतों के बारे में पता किया जाएगा। नशे पर रोक के सवाल पर उन्होंने कहा कि नशा बड़ी समस्या है। इसे रोकने के लिए भी कड़े कदम उठाए जाएंगे। आमजन का भी सहयोग लिया जाएगा। जो सूचना देगा, उसका नाम पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा। जिससे लोगों का पुलिस के प्रति भी विश्वास बढ़ेगा।